Wednesday, June 10, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय इजरायली हमले से लेबनान की अर्थव्यवस्था चरमराई, देश को 2 बिलियन डॉलर...

इजरायली हमले से लेबनान की अर्थव्यवस्था चरमराई, देश को 2 बिलियन डॉलर का नुकसान

0
20

बेरूत, 17 मई (आईएएनएस)। लेबनान के इकॉनमी मिनिस्टर आमेर बिसात ने इजरायली हमले से उनके देश की अर्थव्यवस्था को पहुंच रहे नुकसान से रूबरू कराया है। उनके अनुसार, अनुमान है कि इससे देश को 2 बिलियन डॉलर का नुकसान हुआ है।

अल जजीरा से बिसात ने ये बातें कहीं। उन्होंने बताया कि 2 मार्च के बाद से इजरायली हमले में लेबनान को लगभग 2 अरब डॉलर का आर्थिक नुकसान हुआ है।

उन्होंने कहा, “इसका असर काफी बड़ा रहा है। हमें कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। लोग अपनी नौकरियां गवां रहे हैं, खेतों में उत्पादन बंद हो रहा है, निर्माण कंपनियां बंद हो रही हैं और पर्यटक नहीं आ रहे हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि हमले के दौरान हुए नुकसान का अनुमान लगभग 2 अरब डॉलर है, जो लेबनान की जीडीपी का करीब 7 प्रतिशत है।

बिसात के अनुसार, लगातार संघर्ष ने देश की अर्थव्यवस्था, रोजगार, कृषि, उद्योग और पर्यटन क्षेत्र पर गंभीर प्रभाव डाला है। इजरायल लगातार दावा करता है कि हिज्बुल्लाह के हमलों के जवाब में उसने ये सैन्य कार्रवाई जारी रखी है।

वहीं, रविवार को दक्षिणी लेबनान में इजरायली हमले में पति-पत्नी के मारे जाने की खबर लेबनान के आधिकारिक समाचार एजेंसी नेशनल न्यूज एजेंसी ने दी। उन्होंने बताया कि इजरायली लड़ाकू विमानों ने दक्षिणी लेबनान के हबौश शहर के अल-साहा इलाके में हमला किया।

रिपोर्ट के मुताबिक, हमले में एक घर तबाह हो गया, जिसमें मुहम्मद हसन जमूल नाम के एक युवक और उनकी पत्नी सकीना मुहम्मद अब्बास मक्की की मौत हो गई।

इस बीच इजरायली डिफेंस फोर्सेस ने भी दावा किया कि उत्तरी इजरायल के मिसगाव आम क्षेत्र में सायरन बजने के बाद एक “संदिग्ध हवाई लक्ष्य” की पहचान की गई। कथित तौर पर यह विमान दक्षिणी लेबनान में तैनात इजरायली सैनिकों के पास गिरा। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

इजरायली सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, “रातभर में हिज्बुल्लाह ने दक्षिणी लेबनान में मौजूद इजरायली बलों की ओर रॉकेट और विस्फोटक ड्रोन दागे, लेकिन इन हमलों में भी कोई हताहत नहीं हुआ।”