Sunday, June 28, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल इटैलियन ओपन में बढ़त बनाकर चाकारा दूसरे खिताब के करीब

इटैलियन ओपन में बढ़त बनाकर चाकारा दूसरे खिताब के करीब

0
1

नई दिल्ली, 28 जून (आईएएनएस)। स्पेन के यूजेनियो चाकारा ने इटली के सिर्कोलो गोल्फ टोरिनो में खेले जा रहे 83वें ओपन डी’इटालिया के तीसरे राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए छह-अंडर 65 का कार्ड खेला और कुल 17-अंडर-पार के स्कोर के साथ दो शॉट की बढ़त हासिल कर ली। वह इस सीजन में अपना दूसरा डीपी वर्ल्ड टूर खिताब जीतने से केवल एक राउंड दूर हैं। चाकारा इससे पहले इस वर्ष केएलएम ओपन जीत चुके हैं। पिछले साल उन्होंने हीरो इंडियन ओपन का खिताब भी अपने नाम किया था।

तीसरे राउंड की शुरुआत चाकारा ने हाफवे लीडर जोकिन नीमन से चार शॉट पीछे रहते हुए की थी। पहले होल पर बर्डी के साथ शुरुआत करने वाले चाकारा ने सातवें, आठवें और नौवें होल पर भी बर्डी लगाकर फ्रंट नाइन 32 के स्कोर के साथ समाप्त किया। 13वें होल पर एकमात्र बोगी के बावजूद उन्होंने वापसी करते हुए अंतिम छह होल में तीन और बर्डी बनाईं और दिन का सर्वश्रेष्ठ स्कोर दर्ज किया।

मैच के बाद चाकारा ने कहा कि तेज हवा और गर्म मौसम के कारण खेलना आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने पूरे सप्ताह की तरह धैर्य बनाए रखा और केवल उन्हीं चीजों पर ध्यान दिया जो उनके नियंत्रण में थीं। वह अपने प्रतिद्वंद्वियों की बजाय अपने प्रदर्शन पर फोकस करते हैं। यदि वह दूसरे खिलाड़ियों के स्कोर के बारे में सोचने लगें तो अपना खेल प्रभावित कर बैठेंगे।

चाकारा ने कहा कि उनका लक्ष्य सिर्फ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है और अंत में जीत का मौका हासिल करना है।

दूसरी ओर, रातभर बढ़त बनाए रखने वाले चिली के जोकिन नीमन तीसरे राउंड में इवन-पार 71 का स्कोर ही बना सके। फ्रंट नाइन में पांच बर्डी लगाने के बावजूद बैक नाइन में लगातार बोगी के कारण उनकी बढ़त खत्म हो गई और वह इंग्लैंड के मैट वॉलेस के साथ संयुक्त रूप से 15-अंडर पर दूसरे स्थान पर पहुंच गए। वॉलेस ने तीसरे राउंड में चार-अंडर 67 का कार्ड खेलकर खिताब की दौड़ में खुद को मजबूत बनाए रखा।

जर्मनी के निकोलाई वॉन डेलिंगहॉसन और स्पेन के एंजेल अयोरा 13-अंडर के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका के डायलन फ्रिटेली 12-अंडर के साथ छठे स्थान पर मौजूद हैं। डेनमार्क के जेफ विन्थर और स्कॉटलैंड के रिची रैमसे 11-अंडर के साथ संयुक्त सातवें स्थान पर हैं।

भारत के युवराज सिंह संधू इस प्रतियोगिता में कट से आगे नहीं बढ़ सके। अब सभी की निगाहें चाकारा, नीमन और वॉलेस के बीच होने वाले रोमांचक फाइनल राउंड पर टिकी होंगी।