Monday, August 17, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन जब एकता कपूर ने समझे जेन जी स्लैंग, बोलीं-भगवान बचाए

जब एकता कपूर ने समझे जेन जी स्लैंग, बोलीं-भगवान बचाए

0
34

मुंबई, 25 मार्च (आईएएनएस)। पीढ़ियां बदलती हैं तो उनके साथ नई भाषा और चलन भी आते हैं। आज की जेन जी पीढ़ी सोशल मीडिया और आम बोलचाल की भाषा में ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करती है, जो पुरानी पीढ़ी के लिए समझना थोड़ा मुश्किल हो जाता है। ऐसे ही ट्रेंडिंग जेन जी स्लैंग को समझते हुए प्रोड्यूसर एकता कपूर को देखा गया।

एकता ने एक वीडियो इंस्टाग्राम स्टोरीज पर शेयर किया। इस वीडियो में एकता एक युवा लड़की से जेन जी के पॉपुलर स्लैंग का मतलब समझती नजर आ रही हैं। युवा लड़की एकता को ‘ऑरा फार्मिंग,’ ‘सिग्मा मेल’ और ‘स्किबिडी’ जैसे शब्दों का मतलब बताती है और प्रोड्यूस समझने की कोशिश कर रही हैं कि आज की युवा पीढ़ी इन शब्दों से क्या कहना चाहती है।

वीडियो में लड़की एकता को बताती है कि “ऑरा फार्मिंग” का मतलब होता है, “अपनी सोशल इमेज को बेहतर दिखाने के लिए कूल और स्मार्ट बनने की कोशिश करना।”

एकता कपूर ने तुरंत समझते हुए इसे ‘नाटक’ कह दिया। उन्होंने हंसते हुए कहा कि असल में यही तो होता है, लोग बस कूल दिखने की कोशिश करते हैं। फिर मजाक में बोलीं, ‘भगवान बचाए।’

एकता ने आगे हंसकर टिप्पणी की, “हर तीसरा इंसान आजकल ऐसा ही बर्ताव करता नजर आता है।”

पूरा वीडियो देखने में हल्का-फुल्का और मजेदार है। इसमें एकता कपूर अपनी उम्र के बावजूद नई पीढ़ी की भाषा समझने में पूरी दिलचस्पी दिखा रही हैं।

दरअसल, आज की दुनिया में सोशल मीडिया ने भाषा को बहुत तेजी से बदल दिया है। जेन जी के ये नए शब्द जैसे ऑरा फार्मिंग (अपनी छवि चमकाने की कोशिश), सिग्मा मेल (अकेले रहकर सफल होने वाला लड़का) और स्किबिडी (एक मजेदार या बेवकूफाना तरीके से इस्तेमाल होने वाला शब्द) रोजाना ट्रेंड करते रहते हैं।

एकता कपूर टीवी इंडस्ट्री की पॉपुलर निर्माता हैं और ‘नागिन’ फ्रेंचाइजी की निर्माता के रूप में भी जानी जाती हैं। इन दिनों ‘नागिन 7’ टीवी पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें अभिनेत्री प्रियंका चौधरी मुख्य भूमिका में नजर आ रही हैं। इस सीरियल में वह ‘अनंता’ का किरदार निभा रही हैं, जो अपनी मां के हत्यारों से बदला लेने के लिए नागिन बन जाती है।