Wednesday, June 10, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन जब रात की शूटिंग का सीन सुनकर ऋषि कपूर ने डायरेक्टर को...

जब रात की शूटिंग का सीन सुनकर ऋषि कपूर ने डायरेक्टर को बीच रास्ते कार से उतार दिया था

0
21

मुंबई, 17 मार्च (आईएएनएस)। दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर का नाम उन कलाकारों में शुमार था, जो अपने हिसाब से काम करना पसंद करते थे। उनके लिए काम में अनुशासन और आराम बहुत महत्वपूर्ण था। खास बात ये थी कि वे रात में शूटिंग करना बिल्कुल भी पसंद नहीं करते थे।

इसी आदत के कारण अभिनेता ऐसी फिल्में साइन ही नहीं करते थे, जिनकी शूटिंग ज्यादा देर रात तक चलती हो। अभिनेता आमतौर पर शाम 7 बजे तक अपना काम खत्म कर लेते थे। अभिनेता की इस आदत से जुड़ा एक किस्सा डेविड धवन ने सुनाया।

दरअसल, हाल ही में डेविड धवन अपने बेटे वरुण धवन के साथ ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में नजर आए। इस शो में दोनों ने खूब मस्ती की और कई पुरानी यादें ताजा कीं। इसी दौरान डेविड ने दिवंगत ऋषि कपूर के बारे में एक रोचक बात बताई।

उन्होंने कहा कि ऋषि जी बहुत शानदार व्यक्ति थे और उनसे काफी कुछ सीखने को मिला, लेकिन उनकी एक खास आदत थी। वे शाम 7 बजे के बाद कभी शूटिंग नहीं करते थे। वे फिल्म साइन करने से पहले पैक-अप का समय निर्धारित कर लेते थे और देर रात तक काम करने से साफ इनकार भी करते थे।

डेविड ने बताया, “ऋषि फिल्म साइन करने से पहले हर निर्देशक से पूछ लिया करते थे और अगर कोई सीन उन्हें समझ नहीं आता था, तो वे उसके बारे में बारीकी से पूछते थे और अगर फिर भी समझ में नहीं आता था, तो वे काम को रोक दिया करते थे।”

डेविड धवन ने ऋषि कपूर से जुड़ा एक मजेदार किस्सा सुनाया। उन्होंने कहा, “एक बार कोई डायरेक्टर ऋषि कपूर को नई फिल्म की स्क्रिप्ट सुनाने उनके पास आया। ऋषि ने पहले ही उससे कहा, ‘कार में बैठो, घर जाते-जाते सुना दो।’

कार चली और डायरेक्टर ने कहानी शुरू की, लेकिन पहला सीन ही रात का था और जैसे ही ऋषि जी ने यह सुना, उन्होंने तुरंत ड्राइवर से कहा, गाड़ी रोको फिर डायरेक्टर से बोले, “मैं ऐसी फिल्में नहीं करता जहां रात में शूटिंग हो। मैं शाम 7 बजे के बाद पैक-अप कर लेता हूं, चाहे कुछ भी हो जाए।” बस इसके बाद वहीं से डायरेक्टर को कार से उतारा और वे चले गए।