Sunday, August 23, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति जादवपुर यूनिवर्सिटी विवाद पर टीएमसी का हमला, सौगत रॉय ने भाजपा विधायक...

जादवपुर यूनिवर्सिटी विवाद पर टीएमसी का हमला, सौगत रॉय ने भाजपा विधायक पर लगाए गंभीर आरोप

0
4

कोलकाता, 23 अगस्त (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की जादवपुर यूनिवर्सिटी में एबीवीपी और एसएफआई कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद पर तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत रॉय ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मामले में भाजपा विधायक सरबोरी मुखर्जी पर आरोप लगाए हैं और कहा कि इस विवाद से उनका सीधा कनेक्शन है।

भाजपा विधायक सरबोरी मुखर्जी के जादवपुर यूनिवर्सिटी में हुई झड़प में शामिल होने से इनकार करने पर टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “मैंने नहीं देखा, लेकिन भाजपा विधायक ने खुद कहा था कि पूरी रात ‘तांडव’ चलेगा। चुन-चुनकर दोषियों को पकड़ा जाएगा। इसलिए, एक सीधा लिंक है।”

उन्होंने कहा कि जादवपुर यूनिवर्सिटी के अंदर हमला करने वाले लोग एबीवीपी से जुड़े हैं। एवीबीपी एक भगवा संगठन है, इसलिए मेरे हिसाब से वे निश्चित रूप से जुड़े हुए हैं। टेक्निकली, यह सीधे तौर पर भाजपा का संगठन नहीं है, लेकिन यह आरएसएस का एक संगठन है। हालांकि, आरएसएस और भाजपा एक ही हैं। वे चाहे जो भी दावा करें, यह एक सच रहेगा।”

इससे पहले, विधायक सरबोरी मुखर्जी ने जादवपुर यूनिवर्सिटी में अलग-अलग छात्र गुटों के बीच हुई झड़प के दौरान एबीवीपी के कार्यकर्ताओं को भड़काने के आरोपों से इनकार किया था।

बता दें कि इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी संकाय छात्र संघ (एफईटीएसयू) की बैठक के बाद बुधवार-गुरुवार की रात जादवपुर यूनिवर्सिटी में एबीवीपी और एसएफआई से जुड़े छात्रों के बीच झड़प हुई थी, जिसमें कई छात्र घायल हो गए। पहली झड़प 8बी बस स्टैंड क्रॉसिंग पर एसएफआई कार्यकर्ताओं और सुरक्षाकर्मियों के बीच हुई। दूसरी झड़प, जेयू के मुख्य द्वार के सामने एसएफआई और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच हुई थी।

उधर, सौगत रॉय ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से जेन-जी तक अपनी पकड़ और संवाद मजबूत करने के लिए एक विशेष आउटरीच कमेटी बनाए जाने पर कहा, “वह अपनी पार्टी की तरफ से कुछ भी कर सकते हैं, लेकिन इससे कोई फर्क नहीं होगा। जेन-जी को भाजपा पर कोई भरोसा नहीं है।”