Thursday, July 9, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति जम्मू कश्मीर : बीरवाह से होकर ही बने एनएच-701ए, महबूबा मुफ्ती ने...

जम्मू कश्मीर : बीरवाह से होकर ही बने एनएच-701ए, महबूबा मुफ्ती ने नितिन गडकरी से की मांग

0
3

श्रीनगर, 9 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-701ए के प्रस्तावित मार्ग को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से हस्तक्षेप की मांग की।

उन्होंने आग्रह किया कि इस राजमार्ग का निर्माण बीरवाह कस्बे से होकर गुजरने वाले मौजूदा मार्ग को अपग्रेड करके किया जाए, न कि बाईपास बनाकर।

महबूबा मुफ्ती ने इस संबंध में नितिन गडकरी को पत्र लिखकर बताया कि बीरवाह सिविल सोसायटी, ट्रेड फेडरेशन, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन, बाजार संघों और अन्य स्थानीय प्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर यह मांग रखी थी। इसके बाद उन्होंने यह मामला केंद्रीय मंत्री के सामने उठाया।

पत्र में महबूबा मुफ्ती ने कहा कि बीरवाह मध्य कश्मीर का प्रमुख व्यावसायिक और प्रशासनिक केंद्र है, जहां आसपास के कई गांवों के हजारों लोग रोजमर्रा के कामों के लिए आते हैं। वर्तमान सड़क सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल, शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी कार्यालयों, बैंकों, बाजारों और अन्य आवश्यक सार्वजनिक सेवाओं को आपस में जोड़ती है।

उन्होंने कहा कि यदि इस इलाके में बाईपास बनाया गया तो व्यापारिक गतिविधियां कस्बे से बाहर चली जाएंगी, जिससे इस सड़क के किनारे कारोबार करने वाले 2,000 से अधिक परिवारों की आजीविका पर सीधा असर पड़ेगा।

महबूबा मुफ्ती ने यह भी कहा कि मौजूदा सड़क को ही चौड़ा और आधुनिक बनाना अधिक लाभकारी होगा। इससे श्रीनगर, रिंग रोड और एयरपोर्ट तक बेहतर संपर्क मिलेगा। साथ ही उपजाऊ कृषि भूमि के अधिग्रहण की जरूरत कम होगी, बाग-बगीचों की सुरक्षा होगी और लोगों के विस्थापन से भी बचा जा सकेगा।

उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि जनहित, आर्थिक हित और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों को एनएच-701ए का मार्ग बीरवाह कस्बे से ही बनाए रखने के निर्देश दिए जाएं।