Sunday, June 21, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth जम्मू-कश्मीर बोर्ड 10वीं रिजल्ट घोषित, सीएम उमर अब्दुल्ला ने छात्रों को दी...

जम्मू-कश्मीर बोर्ड 10वीं रिजल्ट घोषित, सीएम उमर अब्दुल्ला ने छात्रों को दी बधाई

0
23

श्रीनगर, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू और कश्मीर बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (जेकेबीओएसई) ने मंगलवार को 10वीं कक्षा के नियमित छात्रों की परीक्षाओं का परिणाम जारी कर दिया है। बोर्ड ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर समर जोन (जम्मू डिवीजन) के नतीजे जारी किए हैं। ग्रीष्मकालीन सत्र के नतीजों को देखने के लिए छात्रों को ऑफिशियल वेबसाइट पर जाने के बाद अपना रोल नंबर और पंजीकरण नंबर का उपयोग करना होगा। इसे लेकर सीएम उमर अब्दुल्ला ने छात्र-छात्राओं को बधाई दी।

जेकेबीओएसई की ओर से जारी नतीजों के मुताबिक, इस साल कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 88.85 प्रतिशत रहा। परीक्षा में लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया और 90.42 प्रतिशत छात्राएं उत्तीर्ण हुईं। वहीं, ग्रीष्मकालीन सत्र परीक्षा में लड़कों का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 87.51 प्रतिशत रहा।

जेकेबीओएसई रिजल्ट जारी होने के बाद जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पोस्ट कर सफल स्टूडेंट्स को बधाई दी। उन्होंने सभी सफल उम्मीदवारों को शुभकामनाएं दीं और उन विद्यार्थियों को भी प्रोत्साहित किया जो मनचाहा परिणाम प्राप्त नहीं कर पाए। उन्होंने छात्रों से कहा कि वे दृढ़ संकल्पित रहें और उत्कृष्टता के लिए प्रयास करते रहें।

बता दें कि जेकेबीओएसई ने ग्रीष्मकालीन क्षेत्र (जम्मू डिवीजन) के लिए 10वीं कक्षा (वार्षिक नियमित) 2026 की परीक्षाएं 17 फरवरी से 10 मार्च तक निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की थीं। परीक्षा एक ही सत्र में सुबह 10:00 बजे से 01:00 बजे तक आयोजित हुई थी, जिसमें कुल 50,754 उम्मीदवार शामिल हुए थे। वहीं, परीक्षा में उपस्थित छात्रों में कुल 45,094 स्टूडेंट्स ने सफलता हासिल की है।

जेकेबीओएसई 10वीं परिणाम चेक करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद 10वीं परिणाम लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद लॉगिन क्रेडेंशियल दर्ज कर उसे सबमिट कर दें। फिर परिणाम आपके स्क्रीन पर खुल जाएगा। परिणाम को चेक करने के साथ स्कोरकार्ड डाउनलोड कर लें। भविष्य के लिए स्कोरकार्ड का प्रिंट आउट निकाल कर रख लें।