Tuesday, June 9, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय जम्मू-कश्मीर : डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी ने की मोहर्रम की तैयारियों की...

जम्मू-कश्मीर : डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी ने की मोहर्रम की तैयारियों की समीक्षा

0
3

श्रीनगर, 9 जून (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी ने मोहर्रम को लेकर तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने यह जानने का प्रयास किया कि अब तक मोहर्रम की तैयारियों के क्रम में क्या-क्या कदम उठाए गए हैं और कहां पर किस तरह की विसंगतियां हैं। उन्होंने तैयारियों की समीक्षा करने के बाद पत्रकारों से भी बातचीत की।

उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश यही है कि मोहर्रम के दौरान किसी भी व्यक्ति को कोई दिक्कत नहीं हो। किसी को भी पानी या साफ-सफाई सहित अन्य चीजों की दिक्कत नहीं हो। इन्हीं सब स्थितियों को देखते हुए आज हम यहां पर आए और पूरी तैयारियों की समीक्षा की, क्योंकि हम व्यक्तिगत स्तर पर यही चाहते हैं कि किसी को भी कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। इसे हम अपनी सफलता समझेंगे।

इसके अलावा, उन्होंने जोजिला सुरंग को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अभी कई काम वहां पर शेष हैं, जिन्हें पूरा करना है। जल्द ही वो सभी काम पूरे हो जाएंगे। जब इस सुरंग का काम पूरा हो जाएगा, तो इससे आम लोगों को आसानी होगी। सर्दी के मौसम में जो लोग लद्दाख जा सकते हैं, वो जा सकते हैं। इसके अलावा, पूरे देश से जो पर्यटक आ रहे हैं, उन्हें भी आसानी होगी।

उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर, यह कहा जा सकता है कि इसमें हमें आगामी दिनों में व्यापक स्तर पर फायदा पहुंचेगा। इसके लिए मैं जम्मू-कश्मीर के लोगों को बधाई देना चाहूंगा। मैं सीएम उमर अब्दुल्ला और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का भी शुक्रिया अदा करना चाहूंगा। इन्हीं के प्रयासों की वजह से यह पूरा हुआ है। हमें पूरा भरोसा है कि आगामी दिनों में मुगल टनल का भी काम पूरा हो जाएगा। इस संबंध में पूरी रूपरेखा निर्धारित हो चुकी है और मौजूदा समय में उसी के अनुरूप पूरा काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस टनल के निर्माण से जम्मू-कश्मीर की सीमा में भी लोगों को सफर करने में आसानी होगी। पहले लोगों को लंबा वक्त लगता था। लेकिन, अब कम समय लगेगा। लोगों को विभिन्न प्रकार की परेशानियों से निजात मिलेगी। इससे आगामी दिनों में लद्दाख के लोगों को भी फायदा पहुंचेगा। आमतौर पर विकास होने से लोगों को फायदा ही पहुंचता है। उन्हें विभिन्न प्रकार के लाभ ही मिलते हैं।