Friday, July 10, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति जम्मू-कश्मीर स्टेटहुड प्रदर्शन: शहजाद पूनावाला बोले- ‘स्टेटहुड के नाम पर सेपरेटहुड की...

जम्मू-कश्मीर स्टेटहुड प्रदर्शन: शहजाद पूनावाला बोले- ‘स्टेटहुड के नाम पर सेपरेटहुड की बात कर रहे कुछ लोग’

0
4

नई दिल्ली, 10 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा (स्टेटहुड) के मुद्दे पर ‘इंडिया’ ब्लॉक के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा विरोध में कुछ तत्व देश विरोध पर भी उतर सकते हैं। वे ‘स्टेटहुड’ के नाम पर ‘सेपरेटहुड’ की बात करते हैं। ऐसे लोगों को प्लेटफॉर्म देना दुर्भाग्यपूर्ण है।

नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर के लिए राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग उठाई है। उन्होंने 20 जुलाई को दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के लिए कई नेताओं को पत्र भी लिखा है। इस पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, “यह प्रदर्शन राज्य के दर्जा की मांग के लिए है या ‘सेपरेटहुड’ के लिए है?”

पूनावाला ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “जहां तक राज्य बनाने की बात है, इसके बारे में तो पहले ही कह दिया गया है। चुनाव भी हुए जम्मू कश्मीर में, लेकिन कुछ लोग ‘स्टेटहुड’ के नाम पर ‘सेपरेटहुड’ की बात करते हैं। इसलिए ‘सेपरेटिस्ट’ को भी दावत दी जा रही है। उनकी अगुवाई में ये सारी चीजें की जा रही हैं और क्या ‘इंडी’ गठबंधन ऐसे भारत के टुकड़े चाहने वाले, भारत के खिलाफ षड्यंत्र रचने वाले और पाकिस्तानी पपेट्स के साथ नजर आना चाहता है?”

भाजपा प्रवक्ता ने आगे कहा, “इसका मतलब साफ है कि भाजपा विरोध में कुछ तत्व देश विरोध पर भी उतर सकते हैं। इसलिए ‘सेपरेटहुड’ सोच के व्यक्तियों को भी वे प्लेटफॉर्म दे रहे हैं, लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण बात है।”

इसी बीच, शहजाद पूनावाला ने एमवीए को ‘महा विचित्र आघाड़ी’ गठबंधन करार दिया। पूनावाला ने कहा, “इंडिया अलायंस में और खास करके एमवीए में कोई मिशन नहीं है, बल्कि कंफ्यूजन और डिविजन है। पहले संजय राउत ने शरद पवार की मीटिंग को लेकर एकनाथ शिंदे से गालियां दीं और अपमान किया। उनके बारे में कहा कि वो विश्वसनीय नेता नहीं हैं। पृथ्वीराज चव्हाण बोलते हैं कि एनसीपी तो पूरी तरह से इंस्टेबल पार्टी है, कहीं पर भी जा सकती है। मतलब हर रोज शरद पवार को गाली देने का काम, अपमानित करने का काम कभी कांग्रेस के नेता, कभी उद्धव सेना के नेता करते हैं।”

उन्होंने कहा, “इसलिए एमवीए ‘महाविकास आघाड़ी’ नहीं, बल्कि ‘महा विचित्र आघाड़ी’ है। इसके पास कोई समाधान नहीं है, बल्कि कंफ्यूजन ही कंफ्यूजन है। कांग्रेस पार्टी ‘ऑपरेशन विलय’ चला रही है। छोटे दलों को धमकी देकर अपने में विलय कराने के प्रयास हो रहे हैं। अगर छोटे दल शामिल नहीं होना चाहते हैं तो उन्हें गाली देकर अपमानित करने का काम किया जा रहा है। मुझे लगता है कि शरद पवार का अपमान उन्हीं के गठबंधन के सहयोगी दल कर रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।”

पूनावाला ने महाराष्ट्र में यूसीसी पर कहा, “जहां-जहां भाजपा की सरकारें हैं, वहां-वहां महिला सशक्तिकरण और लैंगिक सशक्तिकरण के लिए यूसीसी को लागू करने के लिए उपयुक्त कदम उठा रही हैं। देवेंद्र फडणवीस उन नेताओं में से एक हैं, जो महिला सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयासरत रहते हैं।”

उन्होंने कहा कि यूसीसी हमारी प्रतिबद्धता है। यह संविधान में है और हाई कोर्ट व सुप्रीम कोर्ट ने इसको मान्यता दी है। इसलिए यूसीसी की तरफ एक प्रबल कदम महाराष्ट्र की सरकार ने उठाया है। इससे पहले, उत्तराखंड, असम, गुजरात, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ तक भाजपा ने इस कदम को उठाने का काम किया।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए शहजाद पूनावाला ने कहा, “जिस कांग्रेस पार्टी ने संविधान सभा में यूसीसी की वकालत की थी और गोवा में इसे लागू किया था, आज वो कांग्रेस और उसका इकोसिस्टम वोटरबैंक को ऊपर रखते हुए विरोध कर रहा है। महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की पार्टी विरोध कर रही है। इन विरोधी दलों का इकोसिस्टम महिला विरोधी बन चुका है।”