SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय जमशेदपुर के मरीन ड्राइव हादसे में चार युवाओं की मौत के बाद...

जमशेदपुर के मरीन ड्राइव हादसे में चार युवाओं की मौत के बाद सड़क किनारे पार्किंग पर सख्ती

0
2

रांची, 27 सितंबर (आईएएनएस)। जमशेदपुर के मरीन ड्राइव में सड़क किनारे खड़े ट्रक से कार की टक्कर में चार युवाओं की मौत के बाद झारखंड सरकार ने सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग के खिलाफ राज्यभर में अभियान चलाने का फैसला किया है। परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा ने रविवार को राज्यवासियों से मुख्य सड़कों और सहायक सड़कों पर वाहन पार्क नहीं करने की अपील की।

उन्होंने सभी जिलों के उपायुक्तों से जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) और मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर (एमवीआई) की सेवाएं लेते हुए कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। मंत्री ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि सड़क पर वाहनों की पार्किंग से आवागमन बाधित होता है और दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।

उन्होंने गैराज और वाशिंग सेंटर संचालकों के साथ युवाओं से भी सड़क को पार्किंग स्थल के तौर पर इस्तेमाल नहीं करने की अपील की। बिरुवा ने कहा कि रविवार से मुख्य और सहायक सड़कों पर वाहन पार्क करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि किसी जिले या सड़क पर गलत तरीके से वाहन पार्क किए जाने की जानकारी मिलती है तो उसे उनके साथ साझा करें।

उन्होंने कहा कि वह स्वयं ऐसे मामलों को देखेंगे और व्यवस्था में सुधार के लिए कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। परिवहन मंत्री की यह अपील 24 सितंबर को जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित मरीन ड्राइव पर हुए हादसे के बाद आई है। तड़के करीब तीन बजे एक कार सड़क पर खराब होकर खड़े ट्रक से जा टकराई थी। हादसे में कार सवार चार युवाओं की मौत हो गई थी।

मृतकों में झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की 18 वर्षीय बेटी तृषा सिंह भी शामिल थीं। हादसे के बाद सड़क पर खड़े भारी वाहनों और यातायात सुरक्षा को लेकर सवाल उठे थे। प्रशासनिक स्तर पर घटना की जांच की बात भी सामने आई थी। जांच में आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को शामिल किए जाने और जरूरत पड़ने पर परिवहन विभाग की मदद लेने की बात कही गई थी।

इसी पृष्ठभूमि में परिवहन विभाग ने राज्यभर में सड़क किनारे अनधिकृत पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई तेज करने की तैयारी की है। जिलों में डीटीओ और एमवीआई के माध्यम से अभियान चलाया जाएगा।