नई दिल्ली, 22 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के जमुई जिले में छात्रा से छेड़छाड़ मामले को लेकर पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधा। आईएएनएस से बातचीत करते हुए पप्पू यादव ने महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाया।
पप्पू यादव ने कहा, “आरोपी छात्रा से छेड़छाड़ करते रहे और लोग मूकदर्शक बने रहे। बेटियों के लिए समाज लड़ना ही नहीं चाहता। राजनीति करने वालों को पता है कि सियासत, सत्ता और वोट के लिए जो मुद्दा हो, उसकी बात करो। दो दिन के बाद यह मामला गायब हो जाएगा। यह घटना 19 तारीख की है। प्रशासन के लिए ऐसे मामले, कोई मामले ही नहीं हैं।”
उन्होंने कहा कि प्रशासन के लिए विपक्ष को दबाना ही मामला है। जमीन माफिया, बालू माफिया और शराब माफिया के साथ वर्दी में रहकर पैसे कमाना है। उनको पोस्टिंग के लिए टारगेट पूरा करना है। बेटी के साथ 10 लोगों ने छेड़खानी की। मुख्यमंत्री कभी-कभी लंबी-लंबी बात करते हैं। अब उनको इस्तीफा दे देना चाहिए।
कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा ने कहा, “जमुई में हुई घटना स्वाभाविक रूप से एक भयावह है और हमें लगता है कि केवल निंदा करने से स्थिति की गंभीरता को नहीं समझा जा सकता। श्रवण कुमार के छोटी घटना बताने वाले बयान पर उन्होंने कहा कि ऐसे मंत्रियों को तत्काल बर्खास्त कर देना चाहिए।”
कांग्रेस सांसद मनोज कुमार ने कहा, “बिहार के जमुई में जो घटना हुई, उसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। इस घटना की जितनी भी निंदा की जाए, कम है। इसके बाद देखिए हम कहते हैं कि हम समाज सेवक हैं, हम कहते हैं कि हम समाज की सेवा करने आए हैं और आप क्या कह रहे हैं? मुझे आपके जरिए पता चल रहा है कि कुछ लोग, बिहार के बड़े नेता, कह रहे हैं कि ऐसी छोटी-मोटी घटनाएं तो होती रहती हैं। वह लड़की भी हमारी बच्ची थी। वह भी बिहार की, भारत की, देश की बेटी थी। खासकर बिहार में शासन और प्रशासन पूरी तरह नाकाम रहे हैं।”
