SGSU Advertisement
Home राजनीति जनता चाहती है बैलेट पेपर से चुनाव हों, चुनाव आयोग दे जवाब...

जनता चाहती है बैलेट पेपर से चुनाव हों, चुनाव आयोग दे जवाब : चंद्रशेखर आजाद

0
9

शामली, 28 सितंबर (आईएएनएस)। आजाद पार्टी के अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार पर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जनता की मांग है कि चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के बजाय बैलेट पेपर से कराए जाएं।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सबसे ऊपर होनी चाहिए और चुनाव आयुक्त पर उठाए गए सवालों का जवाब भी उन्हें ही देना चाहिए।

आजाद पार्टी के अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “मैं फिर कहता हूं कि जनता की मांग है कि चुनाव ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से कराए जाएं। यह लोकतंत्र है और लोगों की आवाज सबसे ऊपर होनी चाहिए। चुनाव आयुक्त पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। जवाब उनसे मांगा जाना चाहिए, मुझसे नहीं। चुनाव आयुक्त को ही बताना होगा कि वह क्या कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी मजबूती के साथ चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पार्टी की चुनावी तैयारियों और रणनीति की जानकारी सार्वजनिक हो जाएगी।

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उनकी पार्टी ओबीसी, एससी और एसटी समुदायों के साथ मजबूती से खड़ी है और आगे भी उनके मुद्दों को उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी लगातार जनता के बीच काम कर रही है और आने वाले चुनाव में इसका असर देखने को मिलेगा।

बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) प्रमुख मायावती के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि आरोप-प्रत्यारोप राजनीति का हिस्सा हैं और उनसे डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि वह राजनीति समाज के लिए कर रहे हैं और जनता के मुद्दों को उठाना उनकी प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा, “हम राजनीति में हैं, लेकिन हमारी राजनीति समाज के लिए है। आरोप-प्रत्यारोप राजनीति का हिस्सा हैं। उनसे डरने की जरूरत नहीं है। जिस दिन हम राजनीति छोड़कर घर बैठ जाएंगे, खेती या कोई और काम करेंगे, तो कोई हम पर आरोप नहीं लगाएगा, क्योंकि किसी के पास इसके लिए समय नहीं होगा।”

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उनकी पार्टी वर्ष 2022 से लगातार मेहनत कर रही है और पार्टी की शुरुआत से ही संगठन को मजबूत करने पर काम किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि जैसे-जैसे पार्टी मेहनत कर रही है, वैसे-वैसे जनता का भरोसा भी बढ़ रहा है। मायावती को लेकर उन्होंने कहा कि वह उनका सम्मान करते हैं और उनसे राजनीतिक टकराव नहीं चाहते। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि मायावती द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देना जरूरी है।

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि मायावती के आसपास मौजूद लोग उन्हें पूरी जानकारी नहीं देते और उनके मुताबिक, उन्हें जो जानकारी दी जाती है, उसी आधार पर वह प्रेस नोट जारी करती हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक सवालों का जवाब देना जरूरी है और वह इससे पीछे नहीं हटेंगे।