लखनऊ, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के स्नातक और शिक्षक विधान परिषद चुनावों के नतीजों को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। मेरठ और बरेली में भाजपा को जीत मिली है, जबकि वाराणसी में समाजवादी पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज की है।
इस पर लोकसभा सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का जनादेश सर्वोपरि है। यूपी एमएलसी चुनाव में जिन लोगों ने मतदान किया और जिन उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है, उनका भारतीय जनता पार्टी सम्मान करती है।
मुकेश राजपूत ने कहा, “भाजपा हमेशा से जनता के जनादेश का सम्मान करती आई है। जहां हमारी सीटें हारी हैं, वहां पार्टी के लोग बैठकर समीक्षा करेंगे और आगे की तैयारी करेंगे कि कैसे उन सीटों को जीता जाए। जो उम्मीदवार जीते हैं, उन्हें मेरी तरफ से ढेर सारी शुभकामनाएं। जो पार्टी के उम्मीदवार हारे हैं, उनके लिए पार्टी आगे प्रयास करेगी। हम सब लोग मिलकर उन सीटों को जीतने का पूरा प्रयास करेंगे।”
वहीं, सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मजबूती से डटे रहे और उन्होंने मोर्चा संभालकर भाजपा को निष्पक्ष चुनाव कराने और चुनाव आयोग को निष्पक्ष मतगणना कराने के लिए मजबूर किया। उन्होंने कहा कि सपा ने सीटें जीती हैं और उन्हें भरोसा है कि जहां अभी मतगणना बाकी है, वहां भी पार्टी जीत दर्ज करेगी।
उन्होंने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी मतगणना पूरी होने का इंतजार कर रही है और मतगणना पूरी होने के बाद बड़ी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस चुनाव में काउंटिंग को जानबूझकर धीमा किया गया, सुबह से शाम तक केवल बंडल बनाए जाते रहे और वोटों की गिनती शुरू नहीं हो सकी। देर रात जाकर गिनती शुरू हुई और उसे भी धीमा रखा गया।
इसके बावजूद उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को उत्तर प्रदेश की जनता, मतदाताओं और शिक्षकों पर पूरा भरोसा है, जिन्होंने समाजवादी पार्टी पर विश्वास जताया है।
