झारखंडः डेयरी कंपनी पर फायरिंग के दो आरोपी गिरफ्तार, देशी कारबाइन और लोडेड पिस्टल बरामद

0
6

रामगढ़, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड के रामगढ़ जिले की पतरातू थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात राहुल दुबे गैंग के दो अपराधियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।

पुलिस ने इनके पास से एक देशी कारबाइन, लोडेड पिस्टल और जिंदा गोलियां बरामद की हैं। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान पतरातू निवासी करण करमाली (19) और शिवम मिश्रा उर्फ नंदू (23) के रूप में हुई है। रामगढ़ एसपी अजय कुमार को 13 अप्रैल की रात गुप्त सूचना मिली थी कि हेसला गांव के आसपास कुछ अपराधी हथियार के साथ घूम रहे हैं।

सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पतरातू एसडीपीओ गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम ने हेसला स्थित काली मंदिर मैदान के पास एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोका। तलाशी लेने पर करण करमाली के पास से 7.65 एमएम का एक लोडेड देशी पिस्टल और तीन जिंदा गोलियां बरामद की गईं।

वहीं, बाइक पर रखे बैग की जांच करने पर पुलिस को 9 एमएम की एक देशी कारबाइन और दो जिंदा गोलियां मिलीं। पुलिस ने मौके से अपराधियों की बाइक भी जब्त कर ली है। पूछताछ के दौरान दोनों ने स्वीकार किया कि वे राहुल दुबे गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। उन्होंने बीते 4 अप्रैल को पतरातू स्थित ओसम डेयरी प्लांट में हुई फायरिंग की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

पुलिस के अनुसार, इन अपराधियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक साजिश को विफल कर दिया गया है। पतरातू थाना में आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है।