Tuesday, July 7, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति झारखंड : ईडी ने शराब घोटाले में पूर्व मंत्री रामेश्वर उरांव से...

झारखंड : ईडी ने शराब घोटाले में पूर्व मंत्री रामेश्वर उरांव से पूछताछ शुरू की

0
3

रांची, 7 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड के पूर्व वित्त मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक रामेश्वर उरांव मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के क्षेत्रीय कार्यालय में पूछताछ के लिए पेश हुए। एजेंसी ने उन्हें दूसरा समन जारी कर तलब किया था। रामेश्वर उरांव पूर्वाह्न करीब 11 बजे ईडी कार्यालय पहुंचे। उनसे कथित अवैध बालू और शराब सिंडिकेट से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ की जा रही है।

इससे एक दिन पहले सोमवार को ईडी ने उनके पुत्र रोहित उरांव से भी लंबी पूछताछ की थी। सूत्रों के मुताबिक, एजेंसी ने उनसे अगस्त 2023 में उनके ठिकानों पर हुई छापेमारी, वहां से बरामद करीब 30 लाख रुपए नकद, बैंक लॉकर, डिजिटल उपकरणों और वित्तीय दस्तावेजों के संबंध में सवाल किए। इसके अलावा कथित बेनामी निवेश, बैंक खातों और अन्य वित्तीय लेन-देन के बारे में भी जानकारी मांगी गई। सूत्रों का कहना है कि कई महत्वपूर्ण सवालों पर रोहित उरांव स्पष्ट जवाब नहीं दे सके।

ईडी ने 23 अगस्त 2023 को रांची के बरियातू स्थित सरहुल नगर में रामेश्वर उरांव के आवास ‘रागिनी विला’ पर पीएमएलए के तहत तलाशी अभियान चलाया था। इसी दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा की बरियातू शाखा में स्थित उनके लॉकर की भी जांच कर उसे जब्त किया गया था। बाद में डिजिटल उपकरणों और अन्य जब्त सामग्री के संरक्षण के लिए ईडी ने 19 सितंबर 2023 को रिटेंशन आदेश जारी किया था, जिसे 20 सितंबर 2023 को दिल्ली स्थित एडजुडिकेटिंग अथॉरिटी से मंजूरी मिली थी।

सूत्रों के अनुसार, सोमवार की पूछताछ के दौरान ईडी ने वर्ष 2021 की झारखंड उत्पाद नीति और निजी कंपनियों को थोक शराब लाइसेंस दिए जाने के फैसलों को लेकर भी सवाल किए। एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि तत्कालीन उत्पाद मंत्री रामेश्वर उरांव के कार्यकाल में कथित शराब सिंडिकेट को लाभ पहुंचाने में उनके पुत्र रोहित उरांव या उनके परिवार की कोई भूमिका थी या नहीं।

ईडी ने रामेश्वर उरांव को इससे पहले 30 जून को भी समन जारी किया था। उस समय उन्होंने आवश्यक दस्तावेज तैयार करने के लिए समय मांगा था। इसके बाद एजेंसी ने दूसरा समन जारी कर उन्हें मंगलवार को पूछताछ के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया।