झारखंड होमगार्ड भर्ती 2026: 772 पदों पर बंपर वैकेंसी, 30 अप्रैल तक करें आवेदन

0
2

रांची, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड गृह रक्षा वाहिनी देवघर ने होमगार्ड के कुल 772 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। इसके लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 30 मार्च से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाने के बाद तय समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

होम गार्ड के 772 पदों में ग्रामीण गृह रक्षक के 634 और शहरी गृह रक्षक के 138 पद शामिल हैं। ग्रामीण गृह रक्षक पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या बोर्ड से कम से कम 7वीं और शहरी गृह रक्षक पद के लिए आवेदक का 10वीं पास होना अनिवार्य है।

उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 19 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 1 जनवरी के आधार पर की जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी), हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा (डब्ल्यूएटी), तकनीकी दक्षता परीक्षा (टीपीटी), डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, चिकित्सा परीक्षण और बुनियादी प्रशिक्षण, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय सभी वर्ग के अभ्यर्थियों को निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो 200 रुपए तय किया गया है। कैंडिडेट्स ध्यान दें, आवेदन शुल्क के भुगतान के बाद ही आपके पत्र को स्वीकार किया जाएगा।

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले जेएपी-आईटी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र का प्रिंटआउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकालकर रख लें।

उम्मीदवारों को भर्ती से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए देवघर की भर्ती पोर्टल पर जाने के बाद वहां संबंधित पद के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।