Saturday, July 11, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय झारखंड: स्विफ्ट कार और ऑटो की भीषण टक्कर, बच्ची समेत दो की...

झारखंड: स्विफ्ट कार और ऑटो की भीषण टक्कर, बच्ची समेत दो की मौत

0
18

धनबाद, 7 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड के धनबाद के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।

गोविंदपुर थाना क्षेत्र के गहरा मोड़ के समीप एक स्विफ्ट कार और ऑटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें एक बच्ची और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घटना में दो से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) में चल रहा है।

घटना को लेकर मृतका के परिजन गुजरा महली ने बताया कि हादसा गोविंदपुर थाना क्षेत्र के गहरा मोड़ के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार स्विफ्ट कार और ऑटो के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो सवार मुर्गाबानी निवासी वंदना (10) और फूलमती देवी (35) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

वहीं, हादसे में दो से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए धनबाद के एसएनएमएमसीएच भेजा गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे मामले की जांच में जुट गई है।

इस हादसे के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

वहीं, झारखंड के जमशेदपुर में शनिवार को एक आगजनी की घटना हुई, जहां साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत सीजीपीसी कार्यालय के समीप अचानक पांच बाइक जलकर स्वाहा हो गईं। बाइक में आग कैसे लगी? फिलहाल इसके पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

घटना को लेकर लोगों द्वारा आशंका जताई जा रही है कि सीजीपीसी कार्यालय के समीप झाड़ियों में किसी ने सिगरेट पीकर फेंक दिया होगा और इसी कारण झाड़ियों में आग लग गई। उसी आग की चपेट में आकर पांचों बाइक जलकर राख हो गई।