रांची, 9 जून (आईएएनएस)। झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए हो रहे चुनाव में एनडीए समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी के नामांकन पत्र पर उठी आपत्तियों के कारण उनके नामांकन की जांच प्रक्रिया बुधवार तक के लिए टाल दी गई है। निर्वाचन पदाधिकारी ने नाथवानी को आपत्तियों पर बिंदुवार जवाब देने का निर्देश दिया है।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी के दौरान कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा के प्रस्तावक और कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी की ओर से परिमल नाथवानी के नामांकन पत्र पर कुछ आपत्तियां दर्ज कराई गईं। इसके बाद निर्वाचन पदाधिकारी रंजीत कुमार ने मामले पर तत्काल निर्णय देने के बजाय संबंधित पक्षों को सुनवाई का अवसर देने का फैसला किया।
निर्वाचन पदाधिकारी ने जारी पत्र के माध्यम से परिमल नाथवानी को 10 जून को सुबह 11 बजे तक स्वयं अथवा अपने निर्वाचन अभिकर्ता, प्रस्तावक या अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से उपस्थित होकर आपत्तियों का जवाब देने को कहा है।
इसी समय कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा और झामुमो उम्मीदवार बैद्यनाथ राम को भी उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।
इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी के नामांकन पत्र में त्रुटियों को लेकर शिकायतें दर्ज की गई हैं।
उन्होंने कहा कि अब यह देखना होगा कि जांच प्रक्रिया में सभी उम्मीदवारों के लिए समान नियम लागू होते हैं या नहीं। हालांकि निर्वाचन अधिकारियों ने अब तक नामांकन को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं दिया है।
नाथवानी का नामांकन स्वीकार होगा या खारिज, इसपर फैसला आपत्तियों और उनके जवाब पर विचार करने के बाद बुधवार को लिया जाएगा। झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए 18 जून को मतदान होना है।
सत्तारूढ़ इंडिया गठबंधन की ओर से झामुमो के बैद्यनाथ राम और कांग्रेस के प्रणव झा मैदान में हैं, जबकि निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी एनडीए के समर्थन से चुनावी मुकाबले में उतरे हैं।

