Thursday, June 25, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय झारखंडः रामगढ़ की चुटूपालू घाटी में कंटेनर में लगी आग, चालक की...

झारखंडः रामगढ़ की चुटूपालू घाटी में कंटेनर में लगी आग, चालक की जिंदा जलकर मौत

0
21

रांची, 13 फरवरी (आईएएनएस)। झारखंड के रामगढ़ जिले की चुटूपालू घाटी में शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक कंटेनर चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसा घाटी के ढलान पर हुआ, जहां ब्रेक फेल होने के बाद अनियंत्रित कंटेनर ने आगे चल रहे ट्रेलर को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के तुरंत बाद कंटेनर के केबिन में आग लग गई और चालक बाहर नहीं निकल सका। पुलिस के अनुसार कंटेनर रांची से रामगढ़ की ओर जा रहा था। चुटूपालू घाटी उतरते समय अचानक वाहन का ब्रेक फेल हो गया। ढलान होने के कारण कंटेनर की रफ्तार तेजी से बढ़ी और उसने आगे चल रहे ट्रेलर को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के तुरंत बाद शॉर्ट सर्किट या घर्षण के कारण कंटेनर में आग लग गई। चालक स्टीयरिंग और केबिन के मलबे के बीच फंस गया, जिससे वह बाहर नहीं निकल सका। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं, लेकिन तब तक चालक की मौत हो चुकी थी। आग पर काबू पाने के बाद शव को बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना के बाद रांची–पटना मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। घाटी में दोनों ओर करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पुलिस क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल करने में जुटी है।

–आईएएनएस

एसएनसी/एएस