Tuesday, August 25, 2026
spot_img
Home Student & Youth जेएमआई में रिसर्च असिस्टेंट की नौकरी का मौका, इस दिन सीधे वॉक-इन...

जेएमआई में रिसर्च असिस्टेंट की नौकरी का मौका, इस दिन सीधे वॉक-इन इंटरव्यू से चयन

0
32

नई दिल्ली, 14 मई (आईएएनएस)। देश के किसी भी केंद्रीय विश्वविद्यालय में नौकरी पाना हजारों लोगों का सपना होता है। अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं, तो आपके लिए एक खास मौका सामने आया है।

जामिया मिलिया इस्लामिया (जेएमआई) ने परियोजना ‘डिजिटल और गैर-डिजिटल कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से असम की चाय जनजातियों का सशक्तीकरण’ के तहत संविदा के आधार पर रिसर्च असिस्टेंट (अनुसंधान सहायक) के दो पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।

इन पदों पर पात्र अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 37,000 रुपए प्रति माह होगी।

इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से किसी भी सामाजिक विज्ञान विषय में पोस्ट-ग्रेजुएशन की डिग्री न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों के साथ होनी चाहिए। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास नेट/एमफिल/पीएचडी में से किसी एक का होना भी अनिवार्य है। वहीं, सादरी या असमिया भाषा का ज्ञान वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।

वॉक-इन इंटरव्यू गुरुवार, 21 मई को दोपहर 1 बजे से ‘डीन कार्यालय, शिक्षा संकाय, जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली’ पते पर आयोजित किए जाएंगे। वहीं, उम्मीदवारों के लिए निर्धारित पते पर रिपोर्ट करने का समय सुबह 10 बजे तय किया गया है। ऐसे में जो अभ्यर्थी साक्षात्कार में शामिल होने वाले हैं, उन्हें केंद्र पर समय से पहुंचने के अलावा अपने साथ संबंधित दस्तावेजों की मूल और फोटोकॉपी को ले जाने की सलाह दी जाती है।

रिसर्च असिस्टेंट पद पर चयन होने के बाद आवेदकों की प्रारंभिक नियुक्ति एक वर्ष की अवधि के लिए होगी, जिसे आवधिक प्रदर्शन मूल्यांकन के अधीन 54 महीने तक बढ़ाया जा सकता है। वहीं, चयनित उम्मीदवारों को दिल्ली या असम (परियोजना स्थल) पर तैनात किया जा सकता है।