Tuesday, June 30, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति कई राज्यों के लिए आईएमडी का ऑरेंज अलर्ट जारी, आंधी-तूफान के दौरान...

कई राज्यों के लिए आईएमडी का ऑरेंज अलर्ट जारी, आंधी-तूफान के दौरान सतर्क रहने की सलाह

0
9

नई दिल्ली, 30 जून (आईएएनएस)। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने अगले कुछ घंटों के लिए कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में तेज हवाओं, मध्यम बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। प्रभावित जिलों के लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने ऑरेंज चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि कुछ जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही 5 से 15 मिलीमीटर प्रति घंटे की दर से मध्यम बारिश होने और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है।

केरल के अलाप्पुझा, एर्नाकुलम, इडुक्की, कोल्लम, कोट्टायम, पथानामथिट्टा और त्रिशूर जिलों में खराब मौसम की आशंका जताई गई है। वहीं महाराष्ट्र के नासिक, पालघर, पुणे, रायगढ़, रत्नागिरी और ठाणे जिलों में भी आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, जशपुर और सुकमा जिलों में तेज हवाओं और बारिश की संभावना है। गुजरात के अमरेली, आणंद, भरूच, भावनगर, दादरा और नगर हवेली, दमन, नवसारी, सूरत, वडोदरा और वलसाड में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है।

मध्य प्रदेश के बालाघाट, बैतूल, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा, होशंगाबाद, राजगढ़, सीहोर और शाजापुर जिलों में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा ओडिशा के मयूरभंज जिले, झारखंड के बोकारो, चतरा, धनबाद, गढ़वा, गिरिडीह, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू, पश्चिम सिंहभूमि, पूर्वी सिंहभूमि, रामगढ़, रांची, सरायकेला और सिमडेगा में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है।

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर, प्रयागराज और सोनभद्र, उत्तराखंड के बागेश्वर, चंपावत, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़, टेहरी गढ़वाल और उधम सिंह नगर जिलों के लिए भी चेतावनी जारी की गई है। आंध्र प्रदेश के पार्वतीपुरमण्यम जिले में भी तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे आंधी-तूफान के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों या कमजोर संरचनाओं के नीचे शरण न लें। नागरिकों को सड़क और यातायात की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करने तथा अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियों द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

मौसम विभाग ने लोगों से लगातार मौसम अपडेट पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में सावधानी बरतने की अपील की है।