SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय कौशांबी में पटाखा फैक्टरी में विस्फोट; तीन की मौत, पांच घायल

कौशांबी में पटाखा फैक्टरी में विस्फोट; तीन की मौत, पांच घायल

0
3

कौशांबी, 31 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के कौशांबी में सोमवार को पटाखा फैक्टरी में हुए भीषण विस्फोट सके में हड़कंप मच गया। कौशांबी-प्रयागराज सीमा पर स्थित मनौरी बाजार के पास पटाखा फैक्टरी में अचानक आग लगने के बाद लगातार जोरदार धमाके होने लगे। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। इस हादसे अभी तक तीन की मौत और पांच घायल है।

हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी विपिन पाल भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को मलबे में दबे लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करने और घायलों को तत्काल बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रयागराज-कौशाम्बी सीमा पर हुई इस घटना की सूचना करीब 10:40 बजे पटाखा फैक्टरी में विस्फोट के संबंध में मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंच गई। इसके साथ ही छह से आठ एंबुलेंस तत्काल घटनास्थल पर भेजी गईं।

पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य में जुट गईं। डीएम ने बताया कि अभी घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। अब तक करीब तीन लोगों की मौत की सूचना है, जबकि लगभग पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। बताया कि मलबे में किसी के दबे होने की आशंका को देखते हुए सभी टीमें लगातार तलाश अभियान चला रही हैं।

रेस्क्यू के दौरान मलबे से जो भी व्यक्ति मिल रहा है, उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर यही प्रारंभिक जानकारी है। राहत-बचाव अभियान पूरा होने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी। प्रशासन की ओर से जैसे ही कोई नई जानकारी प्राप्त होगी, उसे साझा किया जाएगा। हादसे के बाद कौशांबी और प्रयागराज दोनों जिलों के वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

प्रयागराज के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ कौशांबी के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक पटाखा फैक्टरी बस्ती से कुछ दूरी पर एक मकान में संचालित हो रही थी। हादसे के समय फैक्टरी के अंदर कई लोगों के मौजूद होने की सूचना है। आग लगने के बाद पटाखों में एक के बाद एक धमाके होने लगे, जिसके कारण राहत दलों को भी शुरुआती दौर में अंदर जाने में मुश्किल का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले मकान से धुआं उठता दिखाई दिया और इसके बाद अचानक पटाखों में तेज विस्फोट होने लगे। धमाकों की आवाज दूर तक सुनाई दी।

विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के कई मकानों को नुकसान पहुंचा और इलाके में धुएं का गुबार छा गया। विस्फोट के कारण आसपास के मकानों के शीशे टूटने और कई घरों के क्षतिग्रस्त होने की भी सूचना है। मलबा दूर तक फैल गया। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक मकानों के धराशायी होने, मृतकों या गंभीर रूप से घायलों की अंतिम संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए। लगातार धमाकों के चलते पुलिस ने इलाके में लोगों की आवाजाही नियंत्रित की। राहत एवं बचाव टीमों की मदद से मलबा हटाने का काम लगातार जारी है।

–आईएएनएस

विकेटी/पीएम