केदारनाथ धाम के कपाट खुलने पर पीएम मोदी ने साझा की तस्वीरें, कहा- ‘हर हर महादेव’

0
4

नई दिल्ली, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के अवसर पर अपनी पिछली यात्राओं की कुछ तस्वीरें साझा कीं।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “केदारनाथ मंदिर के कपाट खुलने के अवसर पर, अपने पिछले दौरों की कुछ तस्वीरें साझा कर रहा हूं। हर हर महादेव!”

बता दें कि देवभूमि उत्तराखंड की पवित्र धरती पर बुधवार को श्री केदारनाथ धाम के कपाट पूरे विधि-विधान के साथ सभी श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। कपाटोद्घाटन के अवसर पर श्री केदारनाथ धाम को 51 क्विंटल से अधिक फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। कपाट खुलते ही हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।

प्रधानमंत्री का यह संदेश ऐसे समय में आया है, जब उत्तराखंड में चारधाम यात्रा की शुरुआत के साथ श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। केदारनाथ धाम के कपाट खुलने को हर साल एक बड़े धार्मिक आयोजन के रूप में देखा जाता है, जिसमें देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

हिमालय की गोद में स्थित केदारनाथ मंदिर हिंदू धर्म के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है और चारधाम यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। हर साल सर्दियों में भारी बर्फबारी के कारण मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाते हैं और भगवान केदारनाथ की पूजा ऊखीमठ में होती है। गर्मियों की शुरुआत में शुभ मुहूर्त पर मंदिर के कपाट फिर से खोले जाते हैं, जिसके साथ ही यात्रा सीजन की शुरुआत होती है।

प्रधानमंत्री मोदी का केदारनाथ से विशेष जुड़ाव रहा है। 2013 की आपदा के बाद केंद्र सरकार ने यहां पुनर्निर्माण कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद कई बार केदारनाथ धाम का दौरा कर विकास परियोजनाओं की समीक्षा की और यहां बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर जोर दिया।

कपाट खुलने के साथ ही प्रशासन ने सुरक्षा, स्वास्थ्य और यात्री सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम और सुरक्षित हो सके।