Sunday, June 21, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति अरविंद केजरीवाल और राहुल गांधी के बीच प्रधानमंत्री के खिलाफ बोलने की...

अरविंद केजरीवाल और राहुल गांधी के बीच प्रधानमंत्री के खिलाफ बोलने की होड़ लगी है: वीरेंद्र सचदेवा

0
33

नई दिल्ली, 11 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा एलपीजी पर दिए गए बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल और राहुल गांधी के बीच पीएम मोदी के खिलाफ बोलने की होड़ लगी है। एक व्यक्ति का विरोध करते-करते ये लोग देश का विरोध करने लगे हैं।

अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि पूरे देश में एलपीजी की भारी किल्लत है। एक करोड़ से ज्यादा लोगों के बेरोजगार होने का खतरा है।

वीरेंद्र सचदेवा ने आईएएनएस से बातचीत में अरविंद केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि आज पूरा विश्व नया आर्थिक संकट देख रहा है। केजरीवाल द्वारा जो टिप्पणी की गई है, उसकी हम कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। सभी जानते हैं कि एलपीजी क्राइसिस क्या है। भारत सरकार ने आश्वस्त किया है कि सभी को वरीयता के आधार पर सिलेंडर मिल रहे हैं। जो केजरीवाल कह रहे हैं, उससे ऐसा प्रतीत होता है कि देश में होड़ लगी है कि कौन सबसे बड़ा बेशर्म नेता है। देश पर संकट होता है तो अरविंद केजरीवाल और राहुल गांधी देश के साथ होने के बजाय देश के खिलाफ हो जाते हैं।

उन्होंने कहा कि खेदपूर्ण है कि भारत में अरविंद केजरीवाल जैसे गैर-जिम्मेदार नेता इस संकट में भी राजनीतिक मौकापरस्ती कर रहे हैं। केजरीवाल की कुकिंग गैस संकट पर बुलाई प्रेस कॉन्फ्रेंस और उस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई व्यक्तिगत टिप्पणी की हम कड़ी निंदा करते हैं। हमारे देश में मानो कौन बड़ा विपक्षी नेता है, इसकी जंग चल रही है और इसी के चलते राहुल गांधी एवं अरविंद केजरीवाल के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरुद्ध बोलने की होड़ लगी रहती है। भारत की जनता को याद है कि किस तरह अंतरराष्ट्रीय मंचों पर राहुल गांधी एवं अरविंद केजरीवाल भारत की छवि धूमिल करने की कोशिश करते रहे हैं और यह देश कोविड काल में सिंगापुर से भारत के ताल्लुक खराब करने से लेकर सर्जिकल स्ट्राइक एवं पुलवामा के समय सेना के शौर्य पर प्रश्न खड़े करने के लिए अरविंद केजरीवाल को कभी माफ नहीं करेगा।

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के सशक्त नेतृत्व के कारण हम भारतीय भारत में सुरक्षित हैं।