Thursday, May 28, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति केंद्र ने टूना-टेकड़ा पोर्ट के लिए 472 करोड़ के रोड ओवर ब्रिज...

केंद्र ने टूना-टेकड़ा पोर्ट के लिए 472 करोड़ के रोड ओवर ब्रिज को मंजूरी दी

0
21

नई दिल्ली, 18 मार्च (आईएएनएस)। केंद्र सरकार ने गुजरात के टूना-टेकड़ा पोर्ट की कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है। केंद्रीय बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने टूना-टेकड़ा में रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) के निर्माण सहित जुड़ी सड़कों और अन्य सुविधाओं को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना की कुल अनुमानित लागत 472 करोड़ रुपए है।

यह प्रोजेक्ट टूना-टेकड़ा पोर्ट के मेगा कंटेनर टर्मिनल और मल्टीपर्पस कार्गो बर्थ के साथ बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगा। मेगा कंटेनर टर्मिनल की क्षमता 2.19 मिलियन टीईयू और मल्टीपर्पस कार्गो बर्थ की क्षमता 18.33 मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष (एमएमटीपीए) है। आओबी का निर्माण रणनीतिक रूप से ऐसे डिजाइन किया गया है कि यह पोर्ट से कार्गो की निकासी को तेज और निर्बाध बनाएगा।

परियोजना में वायाडक्ट संरचनाएं, खाड़ी के ऊपर पुल, आंतरिक सड़कें और अन्य सिविल कार्य शामिल हैं। साथ ही, निर्माण के बाद 10 वर्ष तक रखरखाव की जिम्मेदारी भी ठेकेदार पर होगी, ताकि संरचना लंबे समय तक मजबूत और कार्यक्षम बनी रहे।

मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने इस फैसले पर कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत का समुद्री क्षेत्र तेजी से बदलाव के दौर से गुजर रहा है। यह प्रोजेक्ट पोर्ट-आधारित विकास को मजबूती देगा, लॉजिस्टिक्स की कार्यक्षमता बढ़ाएगा और भारत को वैश्विक समुद्री शक्ति बनाने में योगदान देगा।”

यह प्रस्ताव पहले डेलिगेटेड इन्वेस्टमेंट बोर्ड (डीआईबी) की बैठक में चर्चा के बाद मंजूर हुआ, जिसकी अध्यक्षता मंत्रालय के सचिव ने की थी। आरओबी के पूरा होने से लॉजिस्टिक्स का टर्नअराउंड समय काफी कम होगा, सप्लाई चेन अधिक कुशल बनेगी और पोर्ट के संचालन में तेजी आएगी।

वर्तमान में टूना-टेकड़ा कंटेनर टर्मिनल का 45 प्रतिशत भौतिक कार्य पूरा हो चुका है। आरओबी का क्रियान्वयन इसी टर्मिनल के चालू होने के साथ समन्वित रूप से किया जाएगा, ताकि सहायक इंफ्रास्ट्रक्चर भी समय पर तैयार हो जाए। इससे रेल-सड़क मार्ग में आने वाली बाधाएं दूर होंगी और भारी पोर्ट ट्रैफिक की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित होगी।

यह परियोजना सरकार की मैरीटाइम इंडिया विजन 2030 और मैरीटाइम अमृत काल विजन 2047 के अनुरूप है। इन विजनों का लक्ष्य भारत को वैश्विक स्तर पर समुद्री व्यापार और लॉजिस्टिक्स में अग्रणी बनाना है। टूना-टेकड़ा पोर्ट गुजरात के कच्छ क्षेत्र में स्थित है और यह पश्चिमी तट पर एक महत्वपूर्ण कंटेनर हैंडलिंग केंद्र के रूप में उभर रहा है।