नई दिल्ली, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। पूरे देश में मंगलवार को बड़े धूमधाम से विजयादशमी मनाई जा रही है। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने दशहरा और रामनवमी की बधाई दी है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि सभी देशवासियों को विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं। यह पर्व बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। यह त्योहार हमें कर्तव्य, धर्म और सम्मान के मार्ग पर दृढ़ता से आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। प्रभु श्री राम की कृपा से सभी के जीवन में आनंद और नई ऊर्जा का संचार हो। जय श्री राम।
लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने भी देशवासियों को विजयादशमी की बधाई दी। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा कि प्रिय देशवासियों, आप सभी को विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं। विजयदशमी (दशहरा) केवल एक पर्व नहीं, बल्कि सत्य, न्याय और सदाचार में अटूट विश्वास का प्रतीक है। यह पर्व हमें स्मरण कराता है कि अन्याय, अत्याचार और बुराई चाहे कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हों, अंततः विजय सत्य और धर्म की ही होती है।
उन्होंने आगे लिखा कि भगवान श्रीराम द्वारा रावण का वध अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देता है। दशहरा हमें प्रेरणा देता है कि हम अपने जीवन में अहंकार, अन्याय और नकारात्मकता का त्याग कर सत्य, मर्यादा और नैतिकता के मार्ग पर चलें। आइए, इस विजयादशमी पर हम सत्य और सदाचार के मूल्यों को अपनाने तथा एक बेहतर समाज के निर्माण का संकल्प लें। आप सभी को विजयदशमी की पुनः शुभकामनाएं।
वहीं, मुख्यमंत्री कार्यालय, जम्मू-कश्मीर के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा गया है कि सीएम उमर अब्दुल्ला ने महानवमी के पावन अवसर पर जम्मू-कश्मीर के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कामना की है कि यह पवित्र अवसर हर घर में शांति, समृद्धि, खुशहाली और सौभाग्य लेकर आए, और सभी के लिए नई उम्मीदें और कल्याण का मार्ग प्रशस्त करे।
