भोपाल, 2 अक्टूबर (आईएएनएस) केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल आ रहे हैं, वे 3 अक्टूबर को राज्य को विभिन्न सौगातें देंगे । राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया है कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल आ रहे हैं। इस दौरान राज्य में गोपालक सम्मेलन के माध्यम से दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने तथा आइसर के माध्यम से हमारी युवा पीढ़ी के कौशल विकास को प्रोत्साहन मिलेगा। स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के अनावरण समेत विभिन्न विकास कार्यों की सौगात प्रदेश को मिलेगी।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मध्यप्रदेश नक्सलमुक्त हुआ है, इसी के साथ ही हमारा राज्य अब शीघ्र नशामुक्ति की ओर अग्रसर है। किसानों के हित में लिए जा रहे हैं फैसलों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में सोयाबीन उपार्जन का पंजीयन प्रारंभ कर दिया है। किसानों को उनकी उपज पर भावांतर भुगतान के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष किसान कल्याण वर्ष में किसान बंधुओं के हित के लिए हमारी सरकार लगातार बड़े कदम उठा रही है।इसी कड़ी में गोपालक सम्मेलन होगा, जिसमें गोपालकों को आमंत्रित कर दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने तथा सहकारी संघ व सांची प्लांट को और मजबूत करने का काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री मोहन यादव गुरुवार को नई दिल्ली प्रवास पर थे और उन्होंने इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात कर मध्यप्रदेश में जारी विकास कार्यों, जनकल्याणकारी पहलों, उपलब्धियों, निवेश और प्रदेश की प्रगति से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी थी।
इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने वर्ष 2027 में मध्यप्रदेश में आयोजित होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए प्रधानमंत्री मोदी को आमंत्रित किया। उन्होंने प्रदेश में निवेश के लिए तैयार किए जा रहे अनुकूल वातावरण, औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी साझा की। उन्होंने प्रदेश में प्रारंभ की गई ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ के संबंध में भी प्रधानमंत्री को अवगत कराया।
–आईएएनएस
एसएनपी/पीएम
