SGSU Advertisement
Home राजनीति केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने जन्मदिन की शुभकामनाओं के लिए जनता...

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने जन्मदिन की शुभकामनाओं के लिए जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं का व्यक्त किया आभार

0
5

जोधपुर, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के जन्मदिन के अवसर पर उनके निवास पर बधाई देने वालों का सिलसिला जारी है। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक और शहरवासी उनके निवास पर पहुंचे और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी।

इस दौरान गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि जोधपुर के लोगों, साथियों और भाजपा परिवार के कार्यकर्ताओं का स्नेह उनके जीवन का अवलंबन और शक्ति है। परिवार की तरह सभी लोग एक-दूसरे की खुशियों और दुख के अवसर पर साथ खड़े रहें, यही भावना होनी चाहिए।

शेखावत ने कहा कि जन्मदिन केवल खुशी का अवसर नहीं, बल्कि आत्ममंथन और जीवन के अब तक के सफर का आकलन करने का अवसर भी होता है। व्यक्ति को यह देखना चाहिए कि जीवन में आगे बढ़ने के दौरान कितने लोगों का साथ, सहयोग और समर्थन मिला। उन्होंने कहा कि इन सभी के प्रति मन में कृतज्ञता का भाव होना चाहिए और साथ ही यह भी विचार करना चाहिए कि जीवन में क्या हासिल करना था और क्या अभी बाकी है।

अपने राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए शेखावत ने कहा कि छात्र संघ अध्यक्ष से लेकर विभिन्न जिम्मेदारियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में मंत्री बनने तक का सफर जनता के प्यार, ईश्वर की कृपा, परिवार के आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं के स्नेह से संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए व्यक्ति को पूरी तरह समर्पित होना पड़ता है। सबसे पहला त्याग परिवार और परिवार को देने वाले समय का होता है। उन्होंने इस अवसर पर परिवार और अपने साथ खड़े रहे सभी लोगों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

शेखावत ने अपने जोधपुर से जुड़ाव पर कहा कि उनका जन्म जैसलमेर में हुआ, लेकिन पिछले करीब 45 वर्षों से जोधपुर में रहने के कारण जोधपुर और मारवाड़ उनके डीएनए में समाहित हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि पिता की नौकरी के कारण बचपन में अलग-अलग स्थानों पर रहने का अवसर मिला, लेकिन कॉलेज के समय से ही जोधपुर से उनका गहरा जुड़ाव हो गया।

फ्लाईदुबई की उड़ान के दौरान भारतीय पायलट स्मित मच्छार के अदम्य साहस का जिक्र करते हुए शेखावत ने कहा कि देश के सपूत और बेटियां अलग-अलग क्षेत्रों में ऐसे अवसर प्रदान करते हैं, जिससे पूरे देश को गर्व महसूस होता है। उन्होंने उस पायलट की सूझबूझ और साहस की सराहना की, जिसने विमान हादसे के दौरान अपनी जान की परवाह किए बिना यात्रियों की जान बचाने के लिए प्रयास किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पायलट को फोन करना, उनके हालचाल मालूम करना और उनके साहस की सराहना करना देशभर के लोगों के लिए प्रेरणा का विषय है। इससे उन सभी लोगों को प्रेरणा मिलती है, जो अलग-अलग क्षेत्रों में देश का सम्मान बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं।

शेखावत ने राजस्थान के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भैरों सिंह शेखावत के साथ अपने जुड़ाव को भी याद किया। उन्होंने कहा कि भैरों सिंह शेखावत एक राजनीतिक संस्था थे और राजस्थान सहित देश के राजनीतिक परिदृश्य में काम करने वाले अनेक लोगों ने उनसे प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से कुछ न कुछ सीखा है।

उन्होंने कहा कि उन्होंने जो कुछ भी सीखा, वह भैरों सिंह शेखावत के सानिध्य में रहकर, उन्हें देखकर और उनसे संवाद करके सीखा। उन्होंने आगे कहा कि ‘बाबूसा’ की सोच और दृष्टि राजस्थान व भारत को प्रगति के पथ पर ले जाने की थी। आज राजस्थान और देश को आगे बढ़ते देख, निश्चित रूप से उनकी कल्पनाओं और आकांक्षाओं के पूरा होने का संतोष मिलता है।