SGSU Advertisement
Home राजनीति राजस्थान निकाय चुनाव : खैरथल-तिजारा जिले की तीन नगर परिषदों में शांतिपूर्ण...

राजस्थान निकाय चुनाव : खैरथल-तिजारा जिले की तीन नगर परिषदों में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न, 80.25 फीसदी वोटिंग

0
2

भिवाड़ी, 9 सितंबर (आईएएनएस)। राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले में ‘नगर निकाय चुनाव- 2026’ शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गए। जिले की तीन नगर परिषदों भिवाड़ी, खैरथल और तिजारा में बुधवार शाम 6 बजे तक मतदान हुआ। इस दौरान छिटपुट घटनाओं को छोड़कर कहीं से भी कोई बड़ी अप्रिय घटना सामने नहीं आई।

जिला कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार, खैरथल-तिजारा जिले में कुल 80.25 फीसदी मतदान हुआ। जिले में कुल 140 वार्ड हैं, जिनमें कुल 1,36,426 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से 1,09,488 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

तीनों नगर परिषदों में सबसे ज्यादा मतदान तिजारा नगर परिषद में दर्ज किया गया। सबसे कम वोटिंग भिवाड़ी में हुई, जो औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण अक्सर कम मतदान के लिए चर्चा में रहता है।

आंकड़ों पर नजर डालें तो भिवाड़ी नगर परिषद के 60 वार्डों में कुल 65,435 मतदाताओं में से 48,085 मतदाताओं ने वोट डाला। यहां कुल मतदान प्रतिशत 73.49 फीसदी रहा। सुबह से ही केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखी गईं, हालांकि दोपहर में गर्मी के कारण मतदान की रफ्तार कुछ धीमी हुई, लेकिन शाम को फिर से मतदाता घरों से निकले।

वहीं, खैरथल नगर परिषद में 45 वार्डों के लिए मतदान हुआ। यहां कुल 48,786 मतदाताओं में से 41,652 मतदाताओं ने अपने मतों का प्रयोग किया। यहां मतदान प्रतिशत 85.38 फीसदी रहा, जो जिले के औसत से काफी ज्यादा है।

तिजारा नगर परिषद में सबसे अधिक उत्साह देखने को मिला। यहां कुल 35 वार्डों के 22,205 मतदाताओं में से 19,751 मतदाताओं ने वोट डाला। यहां 88.95 फीसदी मतदान दर्ज किया गया, जो तीनों परिषदों में सबसे अधिक है।

जिला प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस बल तैनात किया गया था और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त व्यवस्था की गई थी। प्रशासन की ओर से मतदाताओं को जागरूक करने के लिए पहले से ही अभियान चलाया गया था, जिसका असर मतदान प्रतिशत में दिखा।

अब सभी की निगाहें 14 सितंबर पर टिकी हैं। तीनों नगर परिषद मुख्यालयों पर 14 सितंबर को मतगणना की जाएगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे। इसके बाद ही तय होगा कि तीनों शहरों की सरकार किसके हाथ में होगी।