Wednesday, June 3, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय खान सर कोचिंग घटना : गुरु रहमान का बड़ा आरोप, ‘छात्रों की...

खान सर कोचिंग घटना : गुरु रहमान का बड़ा आरोप, ‘छात्रों की खरीद-फरोख्त से शुरू हुआ विवाद’

0
4

पटना, 3 जून (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना में खान सर के कोचिंग कैंपस में हुई घटना को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। वहीं, पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और कोचिंग सेंटर की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद को हिरासत में लिया है। इस बीच एक अन्य शिक्षक गुरु रहमान ने खान सर पर कई आरोप लगाए हैं।

आईएएनएस से बातचीत में गुरु रहमान ने कहा कि इस बार जब सिपाही भर्ती परीक्षा का परिणाम आया, तो खान सर और एक अन्य कोचिंग संस्थान ने छात्रों की खूब खरीद-फरोख्त की। परिणाम के बाद आयोजित कार्यक्रम में जब एक कोचिंग के छात्र दूसरे कोचिंग संस्थान के कार्यक्रम में पहुंच गए, तो इसी वजह से विवाद पैदा हुआ।

उन्होंने कहा कि खान सर की आदत है कि जब उनकी सच्चाई सामने आने लगती है, तो वे लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश करते हैं। सिपाही भर्ती में कुल 19,838 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है, तो फिर उनके कार्यक्रम में 22 हजार लोग कैसे पहुंच गए? जब यह दावा सवालों के घेरे में आया, तो अफवाहें फैलाई गईं। गोली चलने की बात पूरी तरह गलत है। झड़प जरूर हुई थी, लेकिन वह दावे के साथ कह सकते हैं कि गोली नहीं चली।

उन्होंने कहा कि अगर इसी तरह मनमानी और खरीद-फरोख्त का सिलसिला चलता रहा, तो आने वाली पीढ़ी के संस्कार प्रभावित होंगे। यह वर्चस्व की लड़ाई है और दोनों पक्ष इसमें राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि खान सर एंकरों और महिलाओं के बारे में आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं। महिलाओं को लेकर गलत टिप्पणियां करके वे खुद को उनका हितैषी साबित करने की कोशिश करते हैं। जब इन लोगों की सच्चाई सामने आ रही है, तो वे और भी नीचे गिर सकते हैं।

वहीं, खान सर के कोचिंग संस्थान पर हुए हमले के संबंध में डीएसपी राजेश रंजन ने कहा, “रात करीब 10 बजे मुसल्लहपुर हाट के पास कुछ लोग खान ग्लोबल कोचिंग पहुंचे और संस्थान पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। उन्होंने गेट पर लगा होर्डिंग भी तोड़ दिया। इसके अलावा, वहां तैनात एक गार्ड के साथ मारपीट की गई, जिससे उसके सिर में चोट आई। घायल गार्ड को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।”

उन्होंने बताया कि खान कोचिंग प्रबंधन से जुड़े कन्हैया सिंह की शिकायत के आधार पर चार नामजद और 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद समेत दो अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। रौशन आनंद पर पूरी घटना की साजिश रचने का आरोप लगाया गया है।