भोपाल, 9 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किसानों के लिए गाय का महत्व बताते हुए कहा कि किसान के घर में गाय होना केवल पशुधन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उसके परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति और आजीविका का एक सशक्त आधार भी है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर भोपाल स्थित रवींद्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह में सहभागिता की।
इस दौरान उन्होंने समारोह परिसर में लगी प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा प्रदर्शित विभिन्न उत्पादों, नवाचारों एवं पशुपालन से संबंधित गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि गोवंश और खेती का रिश्ता बहुत मजबूत है। किसान के घर में गाय होना केवल पशुधन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उसके परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति और आजीविका का एक सशक्त आधार भी है। खेती-किसानी में किसानों को अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। कभी अधिक बारिश हो जाती है, तो कभी कम वर्षा के कारण फसल प्रभावित होती है। कभी बीज खराब हो जाते हैं, तो कभी अन्य कारणों से खेती में नुकसान उठाना पड़ता है।
सीएम ने अपने अनुभव को साझा करते हुए कहा कि जिन परिवारों में गोपालन और पशुपालन की परंपरा रही है, उनकी आय के स्रोत कभी सीमित नहीं रहे। खेती के साथ पशुपालन, मछली पालन और बकरी पालन जैसे व्यवसाय किसानों की आय बढ़ाने तथा उनके परिवारों में समृद्धि लाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं।
विभिन्न वर्गों के लिए सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदम की चर्चा करते हुए सीएम ने कहा कि सरकार मछुआरा भाइयों को मछली पालन, आदिवासी समाज के लोगों को बकरी पालन तथा पशुपालकों को गोपालन के लिए प्रोत्साहित कर रही है। किसान अपनी आवश्यकता और सामर्थ्य के अनुसार गाय के साथ भैंस अथवा अन्य पशुधन का पालन भी कर सकते हैं। सरकार का उद्देश्य है कि हर किसान और पशुपालक को आजीविका के अतिरिक्त अवसर मिलें और उसकी आय में वृद्धि हो।
मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए पशुपालन का महत्व बताया और कहा कि पशुपालन का लाभ केवल दूध उत्पादन तक सीमित नहीं है। इससे प्राप्त जैविक खाद खेतों की मिट्टी की उर्वरता बढ़ाती है और रासायनिक खादों पर निर्भरता कम करने में भी सहायक होती है। इस प्रकार पशुपालन खेती को अधिक टिकाऊ और लाभकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने आगे कहा कि प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि मध्यप्रदेश देश में अग्रणी राज्य के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है। हमारी सरकार प्राकृतिक एवं जैविक खेती को प्रोत्साहित कर किसानों की समृद्धि, मिट्टी की उर्वरता और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार का प्रयास है कि दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में मध्य प्रदेश देश में तीसरे स्थान से आगे बढ़कर प्रथम स्थान पर पहुंचे। इसके लिए गांव-गांव में सहकारी समितियों के माध्यम से दुग्ध उत्पादकों का पंजीयन कर दूध उत्पादन बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। हमारा लक्ष्य है कि खेती-किसानी के साथ दुग्ध उत्पादन किसानों की आय बढ़ाने का सशक्त माध्यम बने। इसी उद्देश्य से हम तेजी से श्वेत क्रांति-2 की ओर आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने भी दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण मार्ग सुझाया है। इसी दिशा में सरकार डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना अंतर्गत 25 दुधारू गायों अथवा भैंसों की डेयरी इकाई स्थापित करने पर लगभग 42 लाख की परियोजना लागत में 30 प्रतिशत , यानी करीब 13.86 लाख का अनुदान प्रदान कर रही है।
