उत्तर 24 परगना, 29 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री दिलीप घोष ने कोलकाता हवाई अड्डे पर मस्जिद निर्माण को लेकर पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि बंगाल में बहुत जगह धर्मस्थान बनाए गए हैं, लेकिन अपने आराध्य को सम्मान के साथ रखना चाहिए न कि जमीन कब्जाने के लिए।
दिलीप घोष ने कहा कि सवाल है कि कोलकाता हवाई अड्डे पर मस्जिद बनी कैसे? अगर गैरकानूनी तरीके से बनी हुई है तो उसे हटाना पड़ेगा। सवाल है कि किन लोगों ने इसे बनने दिया? दिलीप घोष ने चेतावनी देते हुए कहा कि जिन लोगों ने गैरकानूनी तरीके से दुकान, घर बनाए हैं, वो हटा लें।
सिद्धारमैया के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे पर दिलीप घोष ने कहा कि कांग्रेस की परंपरा रही है। कोई मुख्यमंत्री कार्यकाल पूरा नहीं कर पाता। मंत्रियों के साथ भी ऐसा ही होता है। यह कांग्रेस का अंदरूनी मामला है, लेकिन जनता को न्याय और विकास का लाभ मिलना चाहिए।
काकोली घोष की कल्याण बनर्जी के खिलाफ स्पीकर से शिकायत को लेकर दिलीप घोष ने कहा कि टीएमसी में यह बीमारी तो थी ही, आज ऊपर तक पहुंच गई है। धीरे-धीरे पूरी टीएमसी खत्म हो जाएगी। उन्होंने कहा कि कुछ सामाजिक, कुछ सुविधाभोगी, कुछ भ्रष्टाचारी लोग मिलकर सरकार चला रहे थे। सबका उद्देश्य पैसा कमाना था।
दिलीप घोष ने निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके परिवार से लेकर जमीन तक जितने भी लोग थे, सब पैसा कमाने लगे थे। यह सारा धन गरीब जनता का है। केंद्र सरकार की योजनाओं का लूटा हुआ धन है।
बकरीद के दिन मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के इस्कॉन मंदिर जाने को लेकर दिलीप घोष ने कहा कि इस्कॉन के साथ हम लोगों को पुराना नाता है। मैं तो 10-12 वर्षों से जाता रहा हूं। गौशाला में जाना, भगवान का दर्शन और कीर्तन करता रहा हूं। मुख्यमंत्री के इस्कॉन जाने से सरकार किस नीति से चलेगी यह पता चलता है। उन्होंने कहा कि जहां संत हमें रास्ता दिखाते हैं, समाज को गाइड करते हैं। इसकी गरिमा सर्वोपरि रहना चाहिए। सीपीएम वालों ने लोगों का मनोबल तोड़ा। साधु-संत, धार्मिक गुरु और तीर्थ स्थान का अपमान किया। टीएमसी ने तो अति कर कर दी थी।
घुसपैठियों के वापस जाने को लेकर दिलीप घोष ने कहा कि बांग्लादेशी, रोहिंग्या और जो यहां के नागरिक नहीं हैं, उनको वापस जाना होगा। वे अच्छे से निकल जाएं, नहीं तो उनकी स्थिति गड़बड़ हो जाएगी। उनको खराब दिन देखना पड़ेगा। सभी को जाना होगा, तभी देश को निजात मिल पाएगी।

