कोलकाता, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा नेताओं ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के दूसरे चरण से पहले कलकत्ता हाई कोर्ट द्वारा पुलिस ऑब्जर्वर्स के खिलाफ कार्रवाई से इनकार करने के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर निष्पक्ष अधिकारियों से डरने का आरोप लगाया है।
केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “हम हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत करते हैं। इससे पता चलता है कि चुनाव आयोग सही रास्ते पर है। टीएमसी को निष्पक्ष अधिकारी की आदत नहीं है। वे निष्पक्ष अधिकारी से डरते हैं, क्योंकि अगर लोग बिना डर के बाहर निकलेंगे, तो वे टीएमसी के खिलाफ वोट देंगे।”
दूसरे चरण के मतदान को लेकर सुकांत मजूमदार ने उम्मीद जताते हुए कहा, “हमें उम्मीद है कि इस चरण में भी शांतिपूर्ण मतदान होगा। चुनाव आयोग जिस सख्ती से काम कर रहा है, उसे उसी तरह जारी रखना चाहिए और और भी सख्त कदम उठाने चाहिए। दक्षिण 24 परगना जैसे कई इलाकों में टीएमसी के गुंडे मौजूद हैं, जो कुछ ही सालों में राजनीतिक नेता बन गए हैं।”
भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने भी हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा, “हम हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत करते हैं। टीएमसी इन लोगों से डरती है, इसीलिए उन्होंने शिकायत दर्ज कराई है। कल के चुनाव बहुत अच्छे होंगे। हर कोई शांति से वोट देगा। डर का कोई माहौल नहीं है। ज्यादा लोग वोट देंगे, महिलाएं वोट देंगी, युवा और जेन ‘जी’ नरेंद्र मोदी के लिए वोट देंगे।”
लॉकेट चटर्जी ने डायमंड हार्बर का जिक्र करते हुए कहा, “डायमंड हार्बर के लोग कई सालों से चुनावों में वोट नहीं दे पाए थे। कल वे बिना किसी डर के वोट देंगे।”
इससे पहले हार्बर के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने पुलिस ऑब्जर्वर अजय पाल शर्मा की कार्रवाई का बचाव करते हुए कहा, “अदालत जाइए, उनसे सवाल पूछिए। यह चुनाव आयोग से जुड़ा मामला है। निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव करवाना चुनाव आयोग का कर्तव्य है। इसके लिए वे किसे लाएंगे और किसे नहीं, यह उन्हीं पर निर्भर करता है। जो लोग गुंडे हैं, उन्हें अब कोई डर नहीं रहा। वह डर वापस लाया जाना चाहिए।”

