Wednesday, August 19, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय कोलकाता के होटल में भीषण आग : बच्चे समेत नौ लोगों की...

कोलकाता के होटल में भीषण आग : बच्चे समेत नौ लोगों की मौत, छह लोग अस्पताल में भर्ती

0
5

कोलकाता, 19 अगस्त (आईएएनएस)। कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके की फ्री स्कूल स्ट्रीट स्थित होटल में मंगलवार-बुधवार की मध्यरात्रि भीषण आग लगने से एक बच्चे समेत नौ लोगों की मौत हो गई। हादसे में छह अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर दमकल की चार गाड़ियों और आपदा प्रबंधन टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया और आग पर काबू पाया।

अग्निशमन विभाग के मुताबिक, आग रात में करीब दो बजे मिर्जा गालिब स्ट्रीट के पास स्थित होटल में लगी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, होटल से सबसे पहले धुआं निकलता दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि आग होटल से बाहर निकलने वाले रास्ते के आसपास फैल गई थी। आधी रात के समय आग लगने के कारण होटल में ठहरे कई लोगों को घटना की जानकारी देर से हुई।

धुएं के कारण कई लोग होटल के अंदर फंस गए। दमकलकर्मियों ने राहत अभियान चलाकर लोगों को बाहर निकाला। नौ लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है। रिपोर्टों के अनुसार, मृतकों में बांग्लादेशी नागरिक भी थे, जो इलाज के लिए कोलकाता आए हुए थे।

आग लगने की वजह को लेकर फिलहाल आधिकारिक तौर पर कुछ स्पष्ट नहीं किया गया है। शुरुआती तौर पर एसी में खराबी या धमाके को आग लगने की संभावित वजह बताया जा रहा है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। न्यू मार्केट थाने की पुलिस भी घटनास्थल पर मौजूद रही और हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।

यह हादसा पश्चिम बंगाल में हाल के दिनों में हुई दूसरी बड़ी होटल आग की घटना है। इससे दो दिन पहले, 17 अगस्त को बीरभूम जिले के तारापीठ स्थित होटल विदेशिनी में आग लगने से कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे।

वहीं, 18 अगस्त दोपहर कोलकाता एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल रूम के दूसरे तल पर भी आग लग गई थी। हालांकि दमकलकर्मियों और एयरपोर्ट अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई से उस आग पर समय रहते काबू पा लिया गया था। लगातार हो रही आग की घटनाओं ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन मानकों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।