क्षेत्रीय दलों को भाजपा से सावधान रहने की जरूरत: महुआ माझी

0
6

रांची, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) की सांसद महुआ माझी ने बिहार के मुख्यमंत्री पद से नीतीश कुमार के इस्तीफे पर भाजपा पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने क्षेत्रीय दलों से अपील की है कि भाजपा से सावधान रहने की जरूरत है।

रांची में आईएएनएस से बातचीत में सांसद महुआ माझी ने कहा कि भाजपा का यही चाल-चरित्र शुरू से देखने को मिल रहा है। जिस भी क्षेत्रीय पार्टी ने भाजपा पर भरोसा किया और उसके साथ गठबंधन किया, उसका अस्तित्व लगभग खत्म कर दिया गया।

महुआ माझी ने ओडिशा का जिक्र करते हुए कहा कि आपने ओडिशा में बीजेडी को देखा। बीजेडी ने भाजपा को समर्थन दिया, लेकिन भाजपा ने उनके साथ विश्वासघात किया। उनके कई सांसदों को इस्तीफा दिलाकर अपनी पार्टी में शामिल करा लिया। बिहार में जनादेश नीतीश कुमार को मिला था, लेकिन उन्हें राज्यसभा भेजकर निष्क्रिय करने की कोशिश की जा रही है। भाजपा अपना मुख्यमंत्री बनाएगी। यह तो सीधे तौर पर जनता के जनादेश का अपमान है।

महिला आरक्षण बिल पर महुआ माझी ने कहा कि समर्थन तो हमारा शुरू से ही था। जब यह बिल आया, उससे पहले भी हमने बार-बार महिला आरक्षण की मांग की थी। 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले नए संसद भवन के उद्घाटन के दौरान विशेष सत्र बुलाकर नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाया गया। उस समय सभी महिलाओं में खुशी की लहर दौड़ गई थी कि आगामी चुनावों में उन्हें आरक्षित सीटें मिलेंगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बाद में कहा गया कि यह आरक्षण 2029 में लागू होगा।

बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर महुआ माझी ने कहा कि महिलाओं के प्रति समाज में न्याय की बात सबसे पहले बाबा साहेब ने ही कही थी। आज शायद उन्हीं के प्रयासों का फल है कि महिलाएं इतना आगे बढ़ चुकी हैं। हम लोग कल दिल्ली जा रहे हैं, जहां महिला आरक्षण बिल से संबंधित मुद्दों पर चर्चा होगी।

नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद सम्राट चौधरी को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। सम्राट चौधरी अब बिहार के अगले मुख्यमंत्री होंगे। उनके दिशा निर्देश में अब बिहार की डबल इंजन की सरकार चलेगी।