तेहरान, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने रविवार रात सऊदी अरब के विदेश मंत्री फैसल बिन फरहान से फोन पर वर्ता की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में बढ़ते तनाव पर चिंता जताई। अराघची ने कहा कि क्षेत्रीय संकटों का समाधान सैन्य कार्रवाई से नहीं निकलेगा।
ईरान की समाचार एजेंसी मेहर न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, खाड़ी में बढ़ते तनाव के बीच ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने अपने सऊदी समकक्ष से कहा कि क्षेत्र में चल रहे संकटों का कोई सैन्य समाधान नहीं है। उन्होंने कहा कि तेहरान, रियाद और सना के बीच बातचीत शुरू कराने में मदद करने के लिए तैयार है।
इस बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने क्षेत्र की मौजूदा स्थिति और ताजा घटनाक्रम पर विचार-विमर्श किया। ईरानी विदेश मंत्री ने क्षेत्र में बढ़ते तनाव पर चिंता जताई और कहा कि केवल सैन्य रास्ते पर जोर देना और राजनीतिक समाधान को नजरअंदाज करना मौजूदा हालात को और जटिल बना देगा।
मेहर न्यूज के अनुसार, अराघची ने इस बात पर जोर दिया कि राजनीतिक समाधान को नजरअंदाज करते हुए सैन्य तरीका अपनाए रखने से मौजूदा हालात और बिगड़ेंगे ही। उन्होंने फिर दोहराया कि इलाके में मौजूद संकटों का कोई सैन्य समाधान नहीं है।
इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान, सऊदी अरब और यमन के बीच बातचीत शुरू करने और राजनीतिक समाधान तक पहुंचने में मदद के लिए हर तरह की सहायता देने को तैयार है।
सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच चल रहे संघर्ष के कारण खाड़ी में तनाव का माहौल बना हुआ है। हूती समूहों की ओर से लगातार हमले जारी हैं। रविवार को भी सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने एक ड्रोन और एक बैलिस्टिक मिसाइल को मार गिराने का दावा किया है।
सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, गठबंधन के प्रवक्ता तुर्की अल-मालिकी ने सोमवार को बताया कि यमन के हूती समूह की ओर से दागे गए एक ड्रोन और एक बैलिस्टिक मिसाइल को सफलतापूर्वक रोककर नष्ट कर दिया गया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी अलग-अलग बयानों में अल-मालिकी ने कहा कि ड्रोन को सऊदी अरब के पूर्वी प्रांत (ईस्टर्न प्रोविंस) में इंटरसेप्ट किया गया, जबकि बैलिस्टिक मिसाइल को हूतियों ने दक्षिण-पश्चिमी सऊदी अरब के खमीस मुशैत शहर की ओर दागा था।
