नई दिल्ली, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन के बीच गुरुवार को फोन पर बातचीत हुई। इस दौरान क्षेत्र में संघर्ष विराम और स्थायी शांति स्थापित करने के प्रयासों पर चर्चा हुई।
लेबनानी राष्ट्रपति के आधिकारिक एक्स अकाउंट के अनुसार, ”अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और लेबनानी राष्ट्रपति जोसेफ आउन के बीच फोन पर बातचीत हुई। इस बातचीत के दौरान राष्ट्रपति आउन ने लेबनान में संघर्ष-विराम कराने और स्थायी शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से किए जा रहे प्रयासों के लिए एक बार फिर उनका आभार व्यक्त किया। इन प्रयासों से इस क्षेत्र में शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।”
उन्होंने कामना की कि इन प्रयासों को जारी रखा जाए, ताकि जल्द से जल्द संघर्ष को रोका जा सके। ट्रंप ने राष्ट्रपति आउन और लेबनान के प्रति अपने समर्थन को दोहराया, और इस बात पर जोर दिया कि वे लेबनान की इस मांग को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ बातचीत के बाद संघर्ष विराम और स्थायी शांति की दिशा में बड़ी पहल का दावा किया है। उन्होंने बताया कि दोनों देशों के बीच दस दिनों के युद्धविराम पर सहमति बनी है।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया अकाउंट ट्रुथ सोशल पर बताया, ”अभी-अभी मेरी लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन और इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ बहुत ही बेहतरीन बातचीत हुई। इन दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई है कि अपने देशों के बीच शांति स्थापित करने के लिए वे ईएसटी समय के अनुसार शाम पांच बजे से औपचारिक रूप से दस दिनों के ‘सीजफायर’ (युद्धविराम) की शुरुआत करेंगे।
उन्होंने पोस्ट में आगे कहा, ”मैं इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू और लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन को व्हाइट हाउस में आमंत्रित करूंगा। यह 1983 के बाद से इजरायल और लेबनान के बीच पहली सार्थक बातचीत होगी। दोनों पक्ष शांति चाहते हैं, और मेरा मानना है कि ऐसा होगा और वह भी बहुत जल्द।”

