Wednesday, July 22, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल लॉर्ड्स वनडे रोहित शर्मा का आखिरी मैच नहीं: बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया

लॉर्ड्स वनडे रोहित शर्मा का आखिरी मैच नहीं: बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया

0
12

नई दिल्ली, 18 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने रोहित शर्मा के वनडे क्रिकेट भविष्य को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया है। सैकिया ने कहा है कि इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में होने वाला तीसरा और आखिरी वनडे रोहित शर्मा का आखिरी मुकाबला नहीं होगा।

पिछले कुछ दिनों से ऐसी खबरें सामने आ रही थीं कि इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज का आखिरी मैच रोहित शर्मा के वनडे करियर का अंतिम मैच हो सकता है। बीसीसीआई सचिव ने इन खबरों को केवल अटकलबाजी बताया।

बीसीसीआई सचिव सैकिया ने आईएएनएस से कहा, “रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर कई तरह की बातें चल रही हैं। बोर्ड के स्तर पर ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई है। मैं साफ तौर पर कहना चाहता हूं कि ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई है कि रोहित रविवार को लॉर्ड्स में अपना आखिरी मैच खेलेंगे।”

सैकिया ने कहा है कि रोहित भारतीय वनडे टीम के नियमित सदस्य हैं और जब तक वह टीम का हिस्सा हैं, तब तक देश का प्रतिनिधित्व करते रहेंगे। लॉर्ड्स का मुकाबला रोहित शर्मा के वनडे करियर का अंत नहीं है।

गौरतलब है कि रोहित शर्मा ने साल 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप तक खेलने की इच्छा जाहिर की है। हालांकि, इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज के शुरुआती दो मैचों में उनके बल्ले से बड़ी पारी नहीं निकल पाई। उन्होंने पहले मुकाबले में 11 रन और दूसरे वनडे में 26 रन बनाए।

कार्डिफ में खेले गए दूसरे वनडे में इंग्लैंड के हाथों भारत की हार के बाद टीम इंडिया के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने भी रोहित का समर्थन किया था। उन्होंने कहा कि रोहित जैसे बड़े खिलाड़ी पर प्रदर्शन या भविष्य को लेकर किसी तरह का दबाव नहीं हो सकता।

कोटक ने कहा कि रोहित एक शानदार खिलाड़ी हैं और शुरुआती दो मैचों में रन नहीं बनने से उनकी क्षमता पर कोई असर नहीं पड़ता। उन्होंने यह भी कहा कि दूसरे वनडे में ऐसा लग रहा था कि रोहित एक बड़ी पारी खेल सकते थे, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।