Monday, May 25, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय लखनऊ में लेखपाल भर्ती परीक्षा के पेपर लीक की अफवाह फैलाने वालों...

लखनऊ में लेखपाल भर्ती परीक्षा के पेपर लीक की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ एफआईआर

0
3

लखनऊ, 25 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की ओर से 21 मई को लेखपाल मुख्य भर्ती परीक्षा 2026 राज्यभर में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई। इसके बाद लेखपाल भर्ती परीक्षा के पेपर लीक की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

सोशल मीडिया पर लेखपाल मुख्य परीक्षा का पेपर लीक करने की फैलाई अफवाह जा रही थी। इस पर यूपी की राजधानी लखनऊ के विभूतिखंड थाने में लेखपाल भर्ती परीक्षा के पेपर लीक की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पूरे मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की गई है।

डीसीपी पूर्वी, एडीसीपी और एसीपी विभूतिखंड इस मामले की जांच करेंगे। उत्तर प्रदेश के 44 जिलों के 861 परीक्षा केंद्रों पर लेखपाल भर्ती की मुख्य परीक्षा हुई। परीक्षा एक ही शिफ्ट में सुबह 10 से 12 बजे के बीच सफलतापूर्वक आयोजित की गई। यूपीएसएसएससी का कहना है कि लेखपाल भर्ती परीक्षा में कोई धांधली नहीं हुई। निष्पक्ष ढंग से परीक्षा कराई।

उत्तर प्रदेश के हरदोई में स्थित यूपीएसएसएससी लेखपाल भर्ती परीक्षा नौ केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। यूपीएसएससी ने निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़ी सुरक्षा और सख्त जांच के बीच नौ केंद्रों पर लगभग 3,792 उम्मीदवारों के लिए लेखपाल भर्ती परीक्षा कराई।

प्रयागराज समेत पूरे प्रदेश में निष्पक्ष और नकल-मुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए बायोमेट्रिक सत्यापन और कड़ी जांच के बाद ही उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। यूपीएसएसएससी लेखपाल मुख्य परीक्षा के संबंध में एक उम्मीदवार ने कहा, “हम प्रयागराज आए हैं। यहां लेखपाल परीक्षा के लिए सुविधाएं बहुत अच्छी रहीं। कैंडिडेट्स को बायोमेट्रिक वेरीफिकेशन के बाद प्रवेश दिया गया।”

लेखपाल भर्ती परीक्षा में कानपुर से शामिल हुए एक अभ्यर्थी शौर्य ने बताया कि प्रश्न पत्र बहुत ज्यादा कठिन नहीं था। इस वर्ष का पेपर मध्यम स्तर का था। उन्होंने बताया कि पर्यावरण के सवाल थोड़े कठिन थे। बाकी जीएस, हिंदी, और गणित के पेपर आसान थे।

एक अन्य छात्र आयुष द्विवेदी ने बताया कि परीक्षा बहुत अच्छा गया। प्रश्न पत्र का स्तर न बहुत ज्यादा कठिन न बहुत आसान बल्कि मध्यम स्तर का था। उन्होंने बताया कंप्यूटर का पेपर थोड़ा कठिन था, बाकी हिस्ट्री, पॉलिटिकल, इकोनॉमिक्स, और ज्योग्राफी के पेपर अच्छे थे।