Thursday, June 18, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन ‘मामला लीगल है’ के नए सीजन में निकुंज के निजी रिश्तों के...

‘मामला लीगल है’ के नए सीजन में निकुंज के निजी रिश्तों के कई पहलू

0
34

मुंबई, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। अभिनेता अमित विक्रम पांडेय इन दिनों वेब सीरीज ‘मामला लीगल है सीजन 2’ को लेकर सुर्खियों में हैं। अभिनेता ने हाल ही में आईएएनएस के साथ खास बातचीत में उनके किरदार में हुए बदलावों के बारे में बात की।

अभिनेता ने कहा कि पहले सीजन से लेकर दूसरे सीजन तक उनके किरदार में काफी बदलाव आए हैं। उन्होंने कहा, “पहले सीजन से दूसरे सीजन तक आते-आते मेरे किरदार में काफी बदलाव आया। पहले सीजन में मेरे किरदार का परिचय सिर्फ एक ‘लॉ इंटर्न’ के तौर पर दिया गया था, लेकिन दूसरे में, उसके कई नए पहलू सामने आए। लोगों को मेरे किरदार ‘निकुंज’ की असलियत पता चली।”

अभिनेता ने आगे बताया कि सीरीज में उन्हें पुरुषों के उत्पीड़न से जुड़े केस पर काम करने का मौका मिला था। साथ ही मेरे निजी रिश्तों के बारे में भी कई बातें सामने आईं। उन्होंने कहा, “इन सभी मुद्दों पर काम करना मेरे लिए काफी दिलचस्प था। पहले सीजन में भी निकुंज कई जगहों पर थोड़ा उलझन में दिखता है, लेकिन वह हर काम पूरी ईमानदारी से करने की कोशिश करता है।”

उन्होंने कहा, “पहले सीजन में वह नियमों को थोड़ा तोड़-मरोड़कर काम करता है, लेकिन हमेशा किताबों में लिखे नियमों के अनुसार चलता है। इसलिए उसके नाम में भी ‘लॉ’ (कानून) शब्द है। वह हमेशा कानून के दायरे में रहकर काम करना चाहता है।”

अभिनेता ने कहा, “दूसरे सीजन में कुछ ऐसी स्थितियां आती हैं, जहां कानूनी किताबें कोई मदद नहीं करती। यह किरदार एक आम इंसान की तरह है। वह डरता भी है, खुश भी होता है और अपने आस-पास के लोगों के साथ शरारतें भी करता है। ये सारी बातें दर्शकों को अपने जीवन से जुड़ी हुई लगती हैं।”

‘मामला लीगल है’ के सीजन 2 में रवि किशन, निधि बिष्ट और अंजुम बत्रा मुख्य भूमिकाओं में हैं। राहुल पांडे द्वारा निर्देशित यह कोर्टरूम कॉमेडी सीरीज पटपड़गंज जिला अदालत के अजीबोगरीब मामलों और वकीलों की मस्ती को जारी रखती है। नया सीजन अपने पहले सीजन की तरह ही मजेदार और व्यंग्यात्मक है। यह सीरीज 3 अप्रैल से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है।