SGSU Advertisement
Home राजनीति भगवंत मान की सरकार ने कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ाया, एक सितंबर...

भगवंत मान की सरकार ने कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ाया, एक सितंबर से मिलेगा लाभ

0
4

नई दिल्ली, 23 सितंबर (आईएएनएस)। पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले भगवंत मान की सरकार ने बड़ा दांव खेलते हुए राज्य के सरकारी कर्मचारियों के डीए में बढ़ोतरी कर दी है। अब राज्य के कर्मचारियों को 8 प्रतिशत बढ़ोतरी के साथ डीए मिलेगा। मान सरकार ने बढ़े हुए महंगाई भत्ते को मंजूरी दे दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, डीए बढ़ाने से पहले वित्त विभाग की ओर से बैठक की गई। इसके बाद डीए बढ़ोतरी का नोटिफिकेशन जारी किया गया।

नोटिफिकेशन में बताया गया है कि एक सितंबर की सैलरी के साथ राज्य के कर्मचारियों को बढ़ा हुआ डीए मिलेगा।

अभी तक राज्य के कर्मचारियों को 42 प्रतिशत डीए के साथ सैलरी दी जाती थी, लेकिन नए आदेश के मुताबिक पंजाब सरकार के कर्मचारियों को अब 50 प्रतिशत की दर से डीए मिलेगा।

आदेश में कहा गया है कि भत्ते की नई दर 1 सितंबर से लागू की जाएगी।

इसका मतलब यह है कि राज्य के कर्मचारियों को सितंबर माह की सैलरी जो कि अक्टूबर में मिलेगी, उसमें 8 प्रतिशत डीए का लाभ मिलेगा।

18 सितंबर को डीए बढ़ोतरी के मामले में सीएम भगवंत मान ने ऐलान किया था। मुख्यमंत्री ने कहा था कि यह कदम आम आदमी पार्टी की सरकार की कर्मचारियों के कल्याण और सम्मान के प्रति प्रतिबद्धता को दिखाता है। उन्होंने कर्मचारियों को राज्य के प्रशासनिक ढांचे की रीढ़ बताया।

मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के साथ जरूरी मुद्दों पर चर्चा के लिए हर महीने अनिवार्य बैठकें करने और महिला कर्मचारियों को उनके घर से 40 किलोमीटर के दायरे में पोस्टिंग देने की भी घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि पारदर्शी और भ्रष्टाचार-मुक्त प्रक्रिया के जरिए लगभग 70,000 सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

सीएम भगवंत मान ने कहा कि एक खुश कर्मचारी ही बेहतर काम करने वाला कर्मचारी होता है। मेरा मानना ​​है कि जब कोई कर्मचारी संतुष्टि, सम्मान और मन की शांति के साथ काम करता है तो पूरा सिस्टम बेहतर काम करता है और लोगों को बेहतर सेवाएं मिलती हैं। सरकारी कर्मचारी सिर्फ प्रशासनिक सिस्टम का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि उसकी रीढ़ हैं। जरूरी सेवाएं पहुंचाने से लेकर कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने और रोजमर्रा का कामकाज संभालने तक, कर्मचारी हर स्तर पर यह सुनिश्चित करने के लिए काम करते हैं कि सरकार आम लोगों तक पहुंचे।