मुंबई, 10 जून (आईएएनएस)। देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 12 साल पूरे होने पर निर्देशक मधुर भंडारकर ने बधाई दी। आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने पीएम मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्हें विश्व नेता बताया।
मधुर भंडारकर ने कहा, “पीएम मोदी जी ने पिछले कई वर्षों में बेहतरीन काम किया है। साल 2014 से अब तक की उनकी यात्रा शानदार रही है। वे दुनिया के बेहद लोकप्रिय नेताओं में से एक हैं। जब भी हम विदेश जाते हैं, वहां उनके काम की जमकर सराहना होती है। लोग उन्हें बहुत पसंद करते हैं। यह देखकर बहुत खुशी होती है कि प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने एक लंबा और सफल कार्यकाल पूरा कर लिया है।”
प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात का अनुभव शेयर करते हुए उन्होंने कहा, “उनके साथ मुलाकात का मेरा अनुभव काफी शानदार था। उनका ह्यूमर काफी अच्छा है। बात करते हुए वे काफी हंसाते भी हैं, जब भी मिलते हैं, तो स्नेह से बातें करते हैं। मैं उनको काफी समय से जानता आया हूं और उनसे काफी बार मुलाकात हुई है पीएम मोदी के शासन में देश सही दिशा में है। मैंने पहले भी बताया कि हम जब भी बाहर जाते हैं, तो लोग प्रशंसा करते हैं कि आपके प्रधानमंत्री बहुत अच्छे और मेहनती हैं, तो ये सब सुनकर बहुत अच्छा लगता है और मैं फिर से एक बार उन्हें दिल से बधाई देना चाहता हूं।”
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
निर्माता-निर्देशक मधुर भंडारकर की बात करें तो वे जल्द ही फिल्म ‘द वाइव्स’ लेकर आ रहे हैं। फिल्म में बॉलीवुड की महिलाओं की ग्लैमरस दुनिया के पीछे छिपी जिंदगी की कहानी को दिखाया जाएगा। इसमें मौनी रॉय के अलावा सोनाली कुलकर्णी, रेजिना कैसंड्रा, राहुल भट्ट, सौरभ सचदेवा, अर्जन बाजवा और फ्रेडी दारूवाला जैसे कलाकार भी नजर आएंगे। फिल्म के अन्य कलाकारों के बारे में फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

