Monday, July 6, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति मध्य प्रदेश : दतिया विधानसभा उपचुनाव की अधिसूचना जारी

मध्य प्रदेश : दतिया विधानसभा उपचुनाव की अधिसूचना जारी

0
5

भोपाल, 6 जुलाई (आईएएनएस) मध्य प्रदेश के दतिया जिले में होने वाले विधानसभा के उपचुनाव के लिए सोमवार छह जुलाई को अधिसूचना जारी कर दी गई है । मतदान की तारीख 13 जुलाई तय की गई है और नतीजा चार अगस्त को आएंगे । भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी की गई अधिसूचना के अनुसार राज्य के दतिया विधानसभा क्षेत्र में से निर्वाचित राजेंद्र भारती को लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 8 और संविधान के अनुच्छेद 191 (1)( ई) ही के प्रावधानों के तहत निहित किए जाने के कारण यह स्थान 2 अप्रैल 2026 से रिक्त है।

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन 13 जुलाई तक भरे जाएंगे वहीं उनकी समीक्षा 14 जुलाई को होगी और नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 16 जुलाई रहेगी, मतदान 30 जुलाई को तय किया गया है और मतगणना 4 अगस्त को होगी। दरअसल दतिया विधानसभा का उपचुनाव चर्चाओं के साथ-साथ रोचक भी है क्योंकि वर्ष 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार के तौर पर राजेंद्र भारती ने तत्कालीन गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को परास्त किया था। पिछले दिनों न्यायालय के फैसले में राजेंद्र भारती को 2 साल से अधिक की सजा सुनाई गई। परिणाम स्वरूप इस स्थान को रिक्त घोषित कर दिया गया और अब यहां उपचुनाव हो रहा है।

मध्य प्रदेश के राजपत्र में भी चुनाव आयोग की अधिसूचना को जारी किया गया है। अधिसूचना जारी हो चुकी है मगर कांग्रेस और भाजपा की ओर से अब तक उम्मीदवार तय नहीं किए गए हैं। संभावना इस बात की जताई जा रही है कि भाजपा एक बार फिर नरोत्तम मिश्रा को उम्मीदवार बना सकती है तो वहीं दूसरी ओर चर्चा इस बात की भी है कि न्यायालय में होने वाली सुनवाई पर अगर राजेंद्र भारती को स्थगन मिल जाता है तो कांग्रेस पार्टी उन्हें भी मैदान में उतर सकती है। ऐसा नहीं हुआ तो कांग्रेस नए चेहरे को मौका देगी।

–आईएएनएस

एसएनपी/पीएम