भोपाल, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य सरकार पर किसानों से किए गए वादे पूरे न करने और समस्याओं का निदान न करने का आरोप लगाया है। साथ ही उन्होंने सात मई को महाचक्का जाम का ऐलान किया है।
जीतू पटवारी ने मंगलवार को बुधनी में आयोजित किसान आक्रोश सत्याग्रह में शामिल होकर सरकार पर किसानों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश के कृषि मंत्री मध्य प्रदेश से आते हैं, लेकिन विडंबना यह है कि सबसे ज्यादा अत्याचार और अन्याय मध्य प्रदेश के किसानों पर ही हो रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों को खाद की किल्लत, समर्थन मूल्य पर खरीदी में अव्यवस्था, बारदाने की कमी, स्लॉट बुकिंग में गड़बड़ी और जमीनों पर भूमाफिया के कब्जे जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सरकार विज्ञापनों में किसान कल्याण वर्ष मना रही है, जबकि वास्तविकता यह है कि किसान कर्ज में डूबा हुआ है और अपनी उपज का उचित मूल्य पाने के लिए संघर्ष कर रहा है।
पटवारी ने कहा कि मोहन यादव सरकार ने गेहूं पर 2700 रुपए एमएसपी देने का वादा किया था, लेकिन किसानों से 1800 से 2200 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदी की जा रही है। यह किसानों के खून-पसीने की कमाई पर डाका है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान किसानों की आय आठ गुना करने का दावा करते हैं, लेकिन उनके ही गृह क्षेत्र बुधनी में किसानों की बदहाली ने इन दावों की पोल खोल दी है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों के साथ हो रहे अन्याय को तत्काल बंद नहीं किया गया तो सात मई को महाराष्ट्र बॉर्डर से राजस्थान बॉर्डर तक आगरा-बॉम्बे राष्ट्रीय राजमार्ग पर कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ मिलकर महाचक्का जाम करेगी। यह आंदोलन सेंधवा, बड़वानी, खरगोन, धार, देवास, शाजापुर, गुना, राजगढ़, शिवपुरी, मुरैना और ग्वालियर सहित पूरे मार्ग पर किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि किसान की बात किसी दल या विचारधारा की नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और अन्नदाता के सम्मान की बात है। कांग्रेस पार्टी किसानों के हक की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेगी।

