SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय मध्य प्रदेश के मंत्री विजयवर्गीय के चीनी वाले बयान पर विपक्षी दलों...

मध्य प्रदेश के मंत्री विजयवर्गीय के चीनी वाले बयान पर विपक्षी दलों ने साधा निशाना

0
5

भोपाल, 27 अगस्त (आईएएनएस)। चीनी के बढ़ते दाम और उसको लेकर मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा दिए गए बयान पर राज्य की सियासत गरमा गई हैl दरअसल, मंत्री विजयवर्गीय ने बुधवार को शक्कर के बढ़ते दाम को लेकर कहा था कि वर्तमान दौर में 90 प्रतिशत लोग आजकल मीठा खाना पसंद नहीं करते l मैं तो कहता हूं कि शक्कर खूब महंगी हो जाए, लेकिन बच्चों के लिए नियंत्रित कीमत पर मिलनी चाहिएl

मंत्री विजयवर्गीय के इस बयान के बाद विपक्षी दल हमलावर हैl कांग्रेस के राज्य के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक का कहना है कि शक्कर ही नहीं उपभोक्ता की हर सामग्री महंगी हो गई है, तो क्या लोगों को खाना बंद करना देना चाहिएl इंदौर में लोगों के घरों तक गटर का पानी पहुंच रहा हैl

उन्होंने विजयवर्गीय से सवाल किया है, क्या लोगों को जिंदा भी रहना चाहिए या नहींl मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव जसविंदर सिंह ने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री होने के नाते कैलाश विजयवर्गीय सरकार के प्रवक्ता भी हैंl इस नाते इसे व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं, बल्कि भाजपा की मोहन यादव सरकार का आधिकारिक बयान समझा जाना चाहिएl वैसे भी मुख्यमंत्री या भाजपा के किसी नेता ने कैलाश विजयवर्गीय के बयान का खंडन भी नहीं किया हैl

माकपा नेता ने कहा कि हमेशा धर्म और बहुसंख्यक समुदाय की भावनाओं की आड़ में सांप्रदायिक ध्रुवीकरण कर राजनीतिक रोटियां सेंकने वाली भाजपा का चेहरा बेनकाब हो गया हैl जसविंदर सिंह ने कहा कि राखी के त्योहार को तो धर्म से ऊपर उठ कर हर व्यक्ति और परिवार मनाता हैl ऐसे में शक्कर की कीमतों में उछाल से कालाबाजारियों, सटोरियों के मुनाफे के लिये भाजपा ने जनता के इस स्नेही त्योहार की मिठास को तो पहले ही फीका कर दिया थाl अब भाजपा मंत्री का बयान जले पर नमक छिड़कने से भी बढ़ कर हैl