मध्य प्रदेश में किसानों के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं: सीएम मोहन यादव

0
2

भोपाल, 6 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि किसानों का एक-एक दाना सरकार खरीदेगी और किसानों के साथ किसी भी तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राज्य में गेहूं खरीदी का सिलसिला जारी है और मुख्यमंत्री यादव लगातार इस पर नजर रखे हुए है।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि उपज का एक-एक दाना कीमती है। मंडी व्यवस्था में पारदर्शिता और समय पर भुगतान हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने मंडी बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश की सभी मंडी समितियां यह सुनिश्चित करें कि किसी भी स्थिति में किसानों के भुगतान में लापरवाही न हो। खरीदी गई कृषि उपज का भुगतान समय-सीमा में कराया जाए।

वहींं, प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने भोपाल से सागर जाते समय अचानक रायसेन जिले के सेहतगंज स्थित उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण किया और तुलाई, खरीदी एवं अन्य व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी प्राप्त की।

खाद्य मंत्री ने मौके पर वारदाने का वजन कराया और भरे बोरे के गेहूं का वजन कराया। निरीक्षण के दौरान मंत्री राजपूत ने उपार्जन केंद्र पर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की तथा ऑटो कनेक्टिविटी व्यवस्था को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने खरीदी के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने और तुलाई प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता न होने के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। मौके पर कार्य में थोड़ी शिथिलता पाए जाने पर खाद्य मंत्री राजपूत ने संबंधित सर्वे कर्मचारियों वसुंधरा गौर और शिवराज लोधी को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्य में सुधार लाने के निर्देश दिए और कहा कि किसानों के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने किसानों से भी सीधा संवाद किया। रंगपुर के किसान किशन गोपी और कैलाश यादव ने बताया कि उन्हें उपार्जन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है तथा उनकी फसल की तुलाई समय पर हो रही है। किसानों ने उपार्जन केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं को संतोषजनक बताया।

मंत्री राजपूत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और गेहूं उपार्जन एवं तुलाई का कार्य समयबद्ध एवं सुचारू रूप से संपन्न किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

–आईएएनएस

एसएनपी/डीकेपी