SGSU Advertisement
Home राजनीति मध्य प्रदेश: मुख्यमंत्री मोहन यादव का स्कूली बच्चों से संवाद

मध्य प्रदेश: मुख्यमंत्री मोहन यादव का स्कूली बच्चों से संवाद

0
4

मंडला 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव सोमवार को मंडला जिले के प्रवास पर थे। इस दौरान वे एक निजी स्कूल में पहुंच गए, जहां उन्होंने बच्चों से संवाद किया और प्रार्थना सभा में भी शामिल हुए।

मुख्यमंत्री यादव मंडला जिले में जब टटारी हेलीपेड जा रहे थे तभी एक निजी पब्लिक स्कूल में अपना काफिला रुकवाया और वहां प्रार्थना सभा में शामिल विद्यार्थियों से मिले। मुख्यमंत्री यादव को अचानक अपने बीच पाकर बच्चे और उनके टीचर्स प्रसन्न हुए। स्कूल में उस समय बच्चों की रुटीन असेम्बली चल रही थी।

मुख्यमंत्री यादव ने विद्यार्थियों को परमपिता परमेश्वर से सबके कल्याण की प्रार्थना करते देखा, तो वे उनके बीच पहुंच गए। उन्होंने बच्चों से स्नेहपूर्वक बातचीत की, उनके नाम पूछे, और यह भी जाना कि वे किस कक्षा में पढ़ते हैं तथा उनकी पढ़ाई कैसी चल रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बच्चों को दुलारते हुए खूब मन लगाकर पढ़ने-लिखने के लिए प्रेरित किया। बच्चों के साथ उनका संवाद सहज, आत्मीय और अपनत्व से भरा रहा। मुख्यमंत्री यादव की इस अप्रत्याशित उपस्थिति से विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे और विद्यालय परिसर में हर्ष और उत्साह का माहौल बन गया।

मुख्यमंत्री यादव कान्हा नेशनल पार्क भी गए और उन्होंने यहां की खूबियां बताई। उन्होंने यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि कान्हा अपनी समृद्ध जैव विविधता और वन्यजीव संपदा के लिए विशेष पहचान रखता है। यह प्रसन्नता का विषय है कि यहां बाघ, तेंदुआ, बारहसिंगा सहित अनेक वन्यजीव प्राकृतिक वातावरण में फल-फूल रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि विशेष रूप से बारहसिंगा के संरक्षण और उनके पुनर्वास के क्षेत्र में कान्हा ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। कभी विलुप्ति की कगार पर पहुंची इस प्रजाति को यहां नया जीवन मिला है।

मुख्यमंत्री ने वन्य जीव के संरक्षण के लिए किया जा रहे प्रयासों की चर्चा करते हुए कहा, “हमारी समृद्ध वन्यजीव विरासत और प्रकृति के संरक्षण के प्रयासों को करीब से देखकर आज मुझे अत्यंत आनंद की अनुभूति हुई।” मैं सभी नागरिकों से आग्रह करता हूं कि वे कान्हा अवश्य आएं और प्रकृति को करीब से जानने और अनुभव करने का अवसर प्राप्त करें।