भोपाल, 3 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में हो रहे राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के नामांकन पर कांग्रेस विधायक दल के उप नेता हेमंत कटारे ने आपत्ति दर्ज कराई है। कांग्रेस समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार राजकुमार लोहानी के प्रस्तावक और विधायक हेमंत कटारे ने हरदीप सिंह पुरी के हलफनामे पर वैधानिक आपत्तियां दर्ज कराई हैं।
उनका कहना है कि केंद्रीय मंत्री ने अपनी पत्नी का नाम हलफनामे में छिपाया है। शायद उनकी एक से ज्यादा पत्नियां हैं, तभी उन्होंने इस कॉलम को छोड़ दिया है। कांग्रेस विधायक कटारी का आरोप है कि राज्यसभा निर्वाचन के फॉर्म में स्पष्ट है कि उम्मीदवार को अपनी संपत्ति को भारतीय मुद्रा में लिखना अनिवार्य है, लेकिन पुरी ने ऐसा न करके विदेशी मुद्रा का उपयोग नियमों का उल्लंघन किया है।
निर्वाचन नियमों के अनुसार, यदि किसी उम्मीदवार या उसके जीवनसाथी की संपत्ति विदेशों में स्थित है या विदेशी बैंकों में जमा है, तो हलफनामे में उसका मूल विदेशी मूल्य (जैसे स्विस फ्रैंक या डॉलर) और भारतीय रुपए में उसकी विनिमय दर दोनों का विवरण देना अनिवार्य होता है। हलफनामे में जिनेवा स्थित अपार्टमेंट और विदेशी खातों का विवरण दर्ज नहीं है।
हेमंत कटारे ने नोटरी एक्ट के उल्लंघन और नोटरी के उपस्थित न होने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि नियमों के तहत नामांकन पत्र के साथ जमा होने वाले शपथ पत्र (फॉर्म 26) को एक अधिकृत नोटरी पब्लिक या शपथ आयुक्त के समक्ष सत्यापित कराना अनिवार्य होता है, लेकिन ऐसा पुरी ने नहीं किया, जो सीधे नोटरी नियमों का उल्लंघन है।
कांग्रेस विधायक ने भाजपा उम्मीदवार हरदीप सिंह पुरी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज करवाई है। वैसे तो उम्मीद नहीं है, फिर भी देखते हैं कि रिटर्निंग ऑफिसर क्या फैसला करते हैं। निर्दलीय राज्यसभा उम्मीदवार राजकुमार लोहानी का नामांकन निरस्त कर दिया गया है। उन्होंने चुनाव लड़ने का अवसर मांगते हुए कहा कि जैसे झारखंड में भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी को फॉर्म में सुधार करके चुनाव लड़ने का अवसर दिया गया, वैसे ही मुझे भी अवसर दिया जाए। मैं भी सभी दस्तावेज दुरुस्त कर दूंगा।
