Monday, July 13, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति मध्य प्रदेश टेक सेक्टर में तेजी से आगे बढ़ रहा : सीएम...

मध्य प्रदेश टेक सेक्टर में तेजी से आगे बढ़ रहा : सीएम मोहन यादव

0
4

भोपाल, 13 जुलाई (आईएएनएस ) मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि टेक सेक्टर में राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और निवेश भी आ रहा है। राजधानी भोपाल में ‘एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0:जीसीसी- डेटा सेंटर एवं सेमीकंडक्टर’ का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री यादव ने 20 औद्योगिक इकाइयों का लोकार्पण भी किया। इसके अलावा समारोह में इंडिया लीड फॉर गूगल प्ले और एमपीएसईडीसी के बीच महत्वपूर्ण एमओयू भी साइन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश करवटें बदल रहा है। वो समय गुजर गया, जिसकी वजह से भारत की संभावनाओं पर तुषारापात होता था। आज बदलते दौर में भारत अपनी क्षमता-योग्यता-बुद्धिमत्ता-प्रतिभाशीलता के बलबूते पर सबकुछ करके दिखा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल को 12 वर्ष पूर्ण हो गए हैं। यह समय ज्यादा नहीं होता। इस कार्यकाल में भारत की पहचान सबसे तेज गति से बढ़ने वाले देश के रूप में बनी है।

सीएम मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की पहचान भी पहले केवल एग्रीकल्चर, माइनिंग और फॉरेस्ट थी, लेकिन अब डिफेंस से लेकर ड्रोन, साइंस टेक से लेकर रिन्युएबल एनर्जी, इंडस्ट्री कॉरिडोर से लेकर फ्यूचर गोइंग सेक्टर तक एमपी तेज गति से आगे बढ़ रहा है। पिछले दो वर्षों में हमने जो संकल्प लिए, उन्हें पूरा किया। दो संस्करणों में 46 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, 22 नए औद्योगिक इकाइयों का लोकार्पण हुआ और 4 नई परियोजनाओं का भूमि-पूजन किया गया। ग्लोबल इंवेस्टर्स मीट 2025 से लेकर आज तक टेक सेक्टर में 12 हजार करोड़ से अधिक का निवेश धरातल पर उतर चुका है।

मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की वजह से भी भोपाल पहचाना जाता है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र में हिंदी में भाषण दिया था। इसी तरह हमारे प्रधानमंत्री मोदी भी दुनिया के सामने राष्ट्र भाषा को गौरवांवित करते हैं। हमें वसुधैव कुटुम्बकम की भावना से आगे बढ़ना है। मध्यप्रदेश में स्पेन, कनाडा, यूके, जापान, दक्षिण कोरिया की बड़ी-बड़ी कंपनियों ने प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) के माध्यम से अब तक 28 हजार 200 करोड़ रुपए से अधिक का निवेश किया है। आज बार्सिलोना (स्पेन) के सबमर ग्रुप ने अपने संकल्प को दोहराया है और 1 गीगा बाइट के डाटा सेंटर स्थापित करने के लिए निवेश कर रही है।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार एआई, डाटा सेंटर और सेमीकंडकर सहित सभी छोटे और बड़े उद्योगों के विकास के लिए सदैव तत्पर है। मध्यप्रदेश डीप टेक पार्क और डाटा सेंटर सहित सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। एआई से लेकर टेक्नोलॉजी सेक्टर के विकास के लिए राज्य सरकार कटिबद्ध है। वहीं, मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कहा कि जीआईएस में प्रदेश को निवेश मिला। इसमें 10 लाख करोड़ निवेश धरातल पर उतर चुका है। एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0 इसी औद्योगिक निवेश यात्रा का एक पड़ाव है।

आईएएनएस

एसएनपी/पीएम