Thursday, July 23, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय महाराजा हरि सिंह पर विवादित टिप्पणी के बाद एनसी नेता ने मांगी...

महाराजा हरि सिंह पर विवादित टिप्पणी के बाद एनसी नेता ने मांगी माफी, कहा-जम्मू की जनता की भावनाओं का सम्मान करता हूं

0
12

रियासी, 17 जुलाई (आईएएनएस)। महाराजा हरि सिंह पर कथित विवादित टिप्पणी को लेकर उठे तीखे विरोध के बाद नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के नेता तारिक भट ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए अपने बयान को वापस ले लिया है।

उन्होंने आईएएनएस से कहा कि वह जम्मू की जनता की भावनाओं का सम्मान करते हैं और उनकी भावनाओं को ध्यान में रखते हुए अपने शब्द वापस लेते हैं। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि यह उनका व्यक्तिगत बयान है और इसका नेशनल कॉन्फ्रेंस से कोई संबंध नहीं है।

तारिक भट ने कहा, “12 जुलाई को नेशनल कॉन्फ्रेंस की ओर से जम्मू के महाराजा हरि सिंह पार्क में एक बड़ी रैली आयोजित की गई थी, जिसमें मैं भी शामिल हुआ था। कार्यक्रम के दौरान मीडिया के लोगों ने मुझसे कुछ सवाल पूछे थे। मैंने जो जवाब दिए, वे उन बातों पर आधारित थे जो मैंने किताबों में पढ़ी थीं। लेकिन मेरे कुछ भाइयों को मेरी बातें पसंद नहीं आईं।”

उन्होंने आगे कहा, “मेरा मानना है कि यदि पूरे जम्मू क्षेत्र की राय एक है और केवल मेरी राय अलग है, तो जनता की आवाज ज्यादा महत्वपूर्ण है। इसलिए जम्मू के लोगों की भावनाओं का पूरा सम्मान करते हुए मैं उस अवसर पर कहे गए अपने शब्द वापस लेता हूं।”

12 जुलाई को नेशनल कॉन्फ्रेंस ने जम्मू-कश्मीर को दोबारा राज्य का दर्जा (स्टेटहुड) देने की मांग को लेकर एक बड़ी जनसभा आयोजित की थी। इसी दौरान मीडिया ने तारिक भट से जम्मू-कश्मीर के इतिहास से जुड़े सवाल पूछे थे। उनके जवाब को व्यापक रूप से महाराजा हरि सिंह का अपमान माना गया, जिसके बाद जम्मू संभाग में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली।

विवाद बढ़ने पर युवा राजपूत सभा और रियासी जिला बार एसोसिएशन ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के पुतले फूंके, बयान की कड़ी निंदा की और चेतावनी दी कि यदि सार्वजनिक माफी नहीं मांगी गई तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लगातार बढ़ते विरोध और लोगों की नाराजगी के बीच अब तारिक भट ने अपने बयान पर खेद जताते हुए माफी मांग ली है और कहा है कि वह जम्मू की जनता की भावनाओं का पूरा सम्मान करते हैं।